कोटा। इंद्रविहार कॉलोनी में रहने वाला एक परिवार केवल तीन घंटे के लिए उसी कॉलोनी में अपने परिचित के यहां मिलने चला गया, तो चोरों ने पीछे से ताला तोड़कर 50 हजार नकद और ज्वैलरी चुरा ली। यही नहीं इसी दौरान मकान में किराए से रहने वाले छात्र भी कोचिंग से लौटकर आए, लेकिन उन्हें भी चोरों की भनक नहीं लगी। वापस आने पर परिवार को मकान के ताले टूटे मिले।
इंद्रविहार निवासी एलआईसी एजेंट राजेंद्र जैन ने बताया कि वे दोपहर 12.15 बजे कॉलोनी में ही किसी के यहां परिवार सहित मिलने गए थे। दोपहर 3.30 बजे लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए थे। अंदर कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरों में रखी अलमारियों के सारे सामान को खंगाला गया था। अलमारी में रखे 50 हजार रुपए व करीब 25 हजार रुपए की ज्वैलरी गायब थी। जवाहर नगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आकर मुआयना किया।