कोटा। कुन्हाड़ी रोडवेज वर्कशाप के सामने गुरुवार शाम लगभग 7 बजे पोल पर चढ़कर 11 केवी लाइन का फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। फाल्ट ठीक करने आए बिजली कर्मचारी घनश्याम राठौर (50) ने रिद्धि-सिद्धि जीएसएस से शट डाउन लिया।
इसके बाद राठौर जैसे ही बिजली के पोल पर चढ़ा और प्लायर लगाया उसे जबर्दस्त करंट लगा। करंट लगने से वह पोल से सीधे नीचे गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दमतोड़ दिया। राठौर को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जयपुर बिजली वितरण निगम भामस के अध्यक्ष रामस्वरूप गुप्ता ने बिजली वितरण निगम प्रशासन से इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने, मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग की है। कुन्हाड़ी थाना प्रभारी भगवत सिंह हींगड़ ने बताया कि मृतक के भतीजे बद्रीलाल ने हादसे की रिपोर्ट दी है। मामले की जांच की जा रही है।