पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लगी सावन की झड़ी, 2 दिन से नहीं दिखा सूरज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा। रिमझिम तो दिनभर और फिर रातभर चलती रही। गीले कपड़े तीन दिन से नहीं सूखे हैं। शहर पूरे दिन काली घटाओं की आगोश में रहा। रविवार को छुट्टी होने से शहरवासियों ने भी सुहाने मौसम का पूरा मजा लिया। कोटा बैराज पर तो इतनी भीड़ थी कि लगा पूरा शहर ही उमड़ आया है। कार और बाइकों से लगे जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी पूरे दिन मशक्कत करते रहे। रविवार को सुबह से शाम तक 30.6 मिमी बरसात हुई। इस मौसम में अभी तक 550 मिमी बारिश हो चुकी है। रविवार को अधिकतम तापमान 26.4 व न्यूनतम 25.7 डिग्री रहा।

आगे क्या: मौसम अधिकारी अजीतपाल भाटिया ने बताया कि सोमवार से शुरू हो रहे सप्ताह में भी बरसात का असर इसी प्रकार से बना रहेगा। ऐसे में आशंका यह भी है कि ज्यादा बारिश मुश्किल पैदा कर सकती है। पुलिस और प्रशासन ने भी इसे देखते हुए तैयारियां कर रखी हैं। पिकनिक के लिए जाने वालों को पूरी सावधानी रखने का भी अलर्ट जारी किया हुआ है।
बैराज से तीन गेट खोले
रविवार शाम से बैराज के दो गेट तीन-तीन फीट खोलकर 7326 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। पानी का नजारा देखने के लिए दिनभर लोगों को तांता लगा रहा। भीड़ के कारण आवागमन भी बाधित हो रहा था, वाहन रेंग-रेंगकर यहां से निकल रहे थे।
बांधों में पानी की आवक बढ़ी
तेज बारिश के चलते गांधी सागर में 1312 फीट के मुकाबले 1297.5, आरपीएस में 1157.5 के मुकाबले 1150.06, जवाहर सागर में 980 के मुकाबले 976.9 तथा आलनिया में 33 के मुकाबले 27.30 फीट, बैराज में 854 के मुकाबले 851 फीट पानी आ चुका है।
गैपरनाथ: रपट पर आया 3 फीट पानीगैपरनाथ महादेव मंदिर पर पिकनिक मनाने गए 20 लोग रपट पर पानी बढऩे से फंस गए। नगर निगम के वाहनों व गोताखोरों ने चेन बनाकर उन्हें निकाला। इसके अलावा करणेश्वर महादेव मंदिर व डायवर्जन चैनल पर भी लोग तेज बहाव में अठखेलियां कर रहे थे। पुलिस, होमगार्ड व बाढ़ नियंत्रण के अधिकारियों ने उन्हें रोका, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। रविवार को सुबह से ही पिकनिक मनाने के लिए लोग गैपरनाथ, करणेश्वर महादेव मंदिर, डायवर्जन चैनल, भंवरकुंज पहुंचने लगे थे। करणेश्वर में एक महिला व एक युवक बह गया, जिन्हें उनके साथियों ने हाथोंहाथ निकाल लिया। सूचना पर निगम के बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्रभारी सीएफओ संजय शर्मा व एएफओ राकेश व्यास गोताखोरों की टीम लेकर करणेश्वर पहुंचे। उन्होंने भी वहां मेगाफोन से लोगों को सचेत किया।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 11 केवी लाइन में ट्रिपिंग, इंसुलेटर पंचर होने, पोल में करंट आने से, फ्यूज उडऩे से बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। दादाबाड़ी क्षेत्र में 11 केवी फीडर में ट्रिपिंग के कारण शक्तिनगर में डेढ़ से दो घंटे तथा दादाबाड़ी जीएसएस का देर शाम इंसुलेटर पंचर होने से किशोरपुरा, वक्फ बोर्ड कॉलोनी, शिवपुरा, हजीरा बस्ती एवं चंबल गार्डन रोड की एक घंटे से अधिक समय तक बिजली बंद रही। 11 केवी लाइन में फाल्ट आने से सूरजपोल क्षेत्र में दो घंटे से अधिक समय तक बिजली बंद रही। दीनदयाल उपाध्याय नगर में भी इंसुलेटर पंचर होने से एक घंटे बिजली बंद रही। गोपाल विहार एवं छावनी रामचन्द्र पुरा में एक पोल में करंट आने की शिकायत दर्ज कराई।