कोटा। कोटा शहर में स्मार्ट वार्ड-स्मार्ट सिटी का सपना धीरे-धीरे साकार होने लगा है। वार्ड नंबर 28 राजीव गांधी नगर के जागरूक नागरिकों व पार्षद गोपालराम मंडा ने मिलकर वार्ड की सुरक्षा के लिहाज से बड़ी पहल की है। आने वाले 3-4 माह में कोचिंग जोन बन चुके पूरे राजीव गांधी नगर को 6-6 फिट की दीवारों से कवर कर दिया जाएगा। स्टूडेंट व आम जनता के आने-जाने के लिए 6 गेट रखे जाएंगे, जो दिनभर खुले रहेंगे और रात 8 बजे बंद हो जाएंगे। इलाके व इन 6 गेटों की मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया जाएगा।
वार्ड नंबर 28 में राजीव गांधी नगर कोटा में कोचिंग हब के रूप में जाना जाता है। जहां विभिन्न कोचिंग संस्थाओं में देशभर के लाखों छात्र-छात्राएं अपना भविष्य बनाने आते हैं। छात्रों व आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से जनता ने सितंबर माह में दैनिक भास्कर के रूबरू कार्यक्रम में सुझाव दिए थे कि पूरे वार्ड को कवर्ड करके लोहे के गेट व सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी रखी जानी चाहिए।
रात 8 बजे बाद एंट्री
गेट व कैमरे लगने के बाद राजीव गांधी नगर में रात 8 बजे बाद एक-एक गार्ड तैनात किया जाएगा। प्रवेश पाने के लिए आम जनता को गेट पर एंट्री करानी होगी। वहीं, वार्ड के हॉस्टलों को गर्ल्स एवं बॉयज दो हिस्सों में बांटने की कोशिश भी चल रही है। इस संबंध में हॉस्टल संचालकों से बात चल रही है।
30 प्रतिशत खर्च देंगे हॉस्टल
इस काम में जितना भी पैसा खर्च होगा उसका 30 प्रतिशत खर्च यहां संचालित हो रहे हॉस्टल संचालकों द्वारा वहन किया जाएगा। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए हॉस्टल संचालकों ने इस काम में साथ देने पर सहमति जताई है। बकाया 70 प्रतिशत खर्च सरकार की जनसहभागिता योजना के तहत किया जाएगा। इसके लिए पार्षद ने वार्ड स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। जल्द ही फाइल कलेक्टर व सरकार के पास भेजी जाएगी।