कोटा। इंजीनियरिंग परीक्षाओं के महाकुंभ ज्वाॅइंट एंट्रेंस एग्जाम-मेन्स के ऑनलाइन एग्जाम में स्टूडेंट्स के पास भाषा बदलने का भी ऑप्शन रहेगा। सीबीएसई ने पहली बार इसी साल यह प्रावधान किया है। प्रावधान के अनुसार जेईई मेन्स देने वाले स्टूडेंट्स को अगर इंग्लिश में सवाल समझ में नहीं आ रहा है तो वह कंप्यूटर स्क्रीन पर दिए गए ऑप्शन पर जाकर सवाल को हिंदी में कन्वर्ट कर सकते हैं। जेईई मेन्स की वेबसाइट पर स्टूडेंट्स की जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए फ्रीक्वेंटली आस्क्ड क्वेश्चन में भी इसका विवरण दे रखा है। ऑनलाइन एग्जाम 10 व 11 अप्रेल को होंगे। ऑफलाइन एग्जाम पेपर-पेंसिल मोड में 4 अप्रेल को होगा। वहीं ऑनलाइन परीक्षाओं को और भी सहज बनाने के लिए इस साल भी स्टूडेंट्स को सिस्टम खराब होने पर एक्सट्रा टाइम दिया जाएगा। स्टूडेंट द्वारा लॉग इन करने के बाद टाइम वॉच शुरू हो जाएगी। सिस्टम खराब होने पर टाइम वॉच रुक जाएगी। जितनी देर तक टाइम वॉच रुकेगी, उतना समय अतिरिक्त स्टूडेंट्स को दिया जाएगा।
याद रखना होगा अंगूठे का निशान
कॅरियर काउंसलर अमित आहूजा ने बताया कि लड़कों को उलटे हाथ के अंगूठे का निशान और लड़कियों को सीधे हाथ का अंगूठे का निशान फॉर्म भरते समय अपलोड करना होगा। अगर किसी स्टूडेंट ने गलत अंगूठे का निशान भी अपलोड कर दिया है तो उसको चिंता करने की जरूरत नहीं है। उस स्टूडेंट को अटेंडेंस शीट पर भी वही निशान लगाना होगा, जो उसने ऑनलाइन फाॅर्म भरते वक्त लगाया है। स्टूडेंट्स को अपना थम्ब इंप्रेशन याद रखना होगा।
9.60 लाख ने भरे फॉर्म
जेईई मेन्स के लिए अब तक 9 लाख 60 हजार 300 स्टूडेंट्स फाॅर्म भर चुके हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 18 दिसंबर को है।