पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निगम ने बनाया 286 करोड़ रुपए का बजट, निगम नहीं दे रहा आय पर ध्यान

निगम ने बनाया 286 करोड़ रुपए का बजट, निगम नहीं दे रहा आय पर ध्यान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। घोषणा के अनुुरूप आय व व्यय नहीं होने से इस बार नगर निगम ने 28.40 करोड़ रुपए कम का बजट तैयार किया है। कुल 286 करोड़ 50 लाख रुपए का बजट तैयार किया गया है। इसे 11 फरवरी को होने वाली बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत करके पारित करवाया जाएगा। ऐसा अधिकारियों द्वारा आय बढ़ाने में ध्यान न देने के चलते हुआ है।
निगम का चालू वित्तीय वर्ष चुनावों में ही बीत गया। इस कारण कई मदों में घोषित अनुमानों के अनुसार आय नहीं होने से उसे बनाए गए बजट में कम कर दिया गया है। इसमें विज्ञापन बोर्ड की फीस से चालू वर्ष में 5 करोड़ की आय होने का अनुमान लगाया गया था लेकिन, जनवरी तक मात्र 1.69 करोड़ रुपए की ही आय हुई। इसे देखते हुए इस मद में दो करोड़ रुपए कम कर दिए हैं।

निगम नहीं दे रहा आय पर ध्यान
निगम के अधिकारी रोड कटिंग में बजट के अनुरूप सालभर में 10 लाख रुपए भी नहीं जुटा पाए। इसलिए इस मद में मात्र 1 लाख रुपए रखे गए हैं। पशु मेले में घोषित 1.50 करोड़ से कम आय होने पर इसमें 10 लाख की कमी कर दी गई है। रजिस्ट्री एवं स्टाम्प उपकर से तीन करोड़ की आय होनी थी, लेकिन एक पैसा इस मद में नहीं मिला। जमीन की लीज से 25 लाख की जगह 9.69 लाख की आय हुई। इस कारण इसमें 10 लाख की कमी कर दी गई है। बीपीएल आवास योजना में मौजूदा बजट के 14 करोड़ की आय को शून्य कर दिया गया है।
आय मात्र 129 करोड़
निगम रिकार्ड के अनुसार चालू वर्ष में जनवरी तक मात्र 129 करोड़ 72 लाख रुपए की आय हुई है। बजट के अनुसार 314.90 करोड़ की आय होनी थी। इतनी आय नहीं होने अब बजट को 286 करोड़ 50 लाख का कर दिया।

सफाई का खर्च 61 की जगह 78 करोड़
बजट में निगम ने सफाई का खर्च बढ़ा दिया है। चालू वित्त वर्ष में इसे 61 करोड़ 93 लाख 47 हजार का रखा गया था। इसे बढ़ाकर अब 78 करोड़ 81 लाख 95 हजार रुपए कर दिया गया है। इसमें ठेके से सफाई का खर्च भी 12 से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए कर दिया गया है। सबसे अधिक वृद्धि अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन भत्तों में की गई है। चालू वर्ष में यह 47 करोड़ 63 लाख 37 हजार था, जो बढ़ाकर 61 करोड़ 51 लाख 85 हजार कर दिया गया है। इसमें यदि गैराज का बजट जोड़ दिया जाए तो यह 92 करोड़ 50 लाख रुपए हो जाता है।