कोटा। भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर गुरुवार को शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा शोभायात्राएं निकाली गईं। बिहार समाज विकास समिति की ओर से महावीर नगर की कंपीटिशन कॉलोनी स्थित पार्क में जयंती समारोह मनाया गया। शाम को यहां से शोभायात्रा शुरू हुई, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए भीतरिया कुंड पहुंची। शोभायात्रा में आगे-आगे हाथी, घोड़े और ऊंट गाड़ी चल रही थी।
भगवान विश्वकर्मा के जयकारों के बीच भक्त नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा में भगवान विश्वकर्मा की झांकी भी शामिल रही। शोभायात्रा का शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समिति अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि इसके पहले पूर्व न्यास अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, कोटा देहात जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रुक्मिणी मीणा ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इधर, अखिल भारतीय विश्वकर्मा पांचाल महासभा की ओर से केशवपुरा सेक्टर-6 स्थित विश्वकर्मा मंदिर में पूजन-हवन का आयोजन किया गया। जिसमें सुबह से पूजा व हवन का दौर चला जो शाम तक जारी रहा। शाम को यहां से भी शोभायात्रा निकली, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए भीतरिया कुंड पहुंची।
आगे की स्लाइडों में है शोभायात्रा और विसर्जन की तस्वीरें