कोटा. सूर्य नगर में शनिवार सुबह सूने मकान के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर और 5 हजार रुपए चुराकर ले गए। दोनों पति-पत्नी मजदूरी करते हैं। उन्होंने मेहनत की कमाई से पाई-पाई जोड़कर जेवर बनाए थे।
सूर्य नगर में रहने वाले मुकुट पंवार ने बताया कि वे और उनकी पत्नी सुबह काम करने चले गए थे। उनके बच्चे भी स्कूल चले गए थे। दोपहर को बच्चे आए तो मेनगेट पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने ताला खोला तो गेट नहीं खुला। अंदर से कुंडी लगी हुई थी। वह पड़ोसी की छत से मकान के अंदर गए तो सारा सामान बिखरा हुआ था।
अंदर देखने पर पता चला कि अालमारी के ताले टूटे हुए थे। सूचना पर मुकुट व उनकी पत्नी घर पहुंचे। देखा तो सोने के हार, मंगलसूत्र, 5 अंगूठियां, चांदी की पायजेब, कंगन, दो चेन, बर्तन, 6 सिक्के और भगवान की चांदी की प्रतिमा गायब थे। चोर अलमारी में रखे 5 हजार रुपए भी ले गए। उन्होंने उद्योगनगर थाने में रिपोर्ट दी है। उद्योगनगर पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।