गज वाहन पर निकली भगवान की सवारी
बसंत पंचमी पर आज होंगे सांस्कृतिक आयोजन
शहरके नागौरिया मठ में चल रहे भगवान जानकीवल्लभ के ब्रह्मोत्सव के तहत गुरुवार को भगवान ने गज वाहन पर विराजकर मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विभिन्न पाठ के स्वर गूंज उठे। मठाधिश्वर स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज के सान्निध्य में सुबह भगवान का श्रृंगार कर गज वाहन पर विराजित किया गया। इस दौरान भगवान की सवारी ने मंदिर परिसर का भ्रमण शुरू किया। इस मौके पर भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए सवारी के साथ चल रहे थे। जबकि महिलाएं युवतियां मंगल-गीत गा रही थी। वहीं कई छात्र सवारी के आगे सस्वर रूप से प्रबंध पाठ, वेद पाठ एवं स्तोत्रपाठ कर रहे थे। मंदिर परिसर का भ्रमण कर भगवान पुन: मण्डप में पधारे जहां पर भारी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं भगवान के दर्शन किए तथा भजन कीर्तन किया। इससे पूर्व बुधवार रात भगवान चन्द्रप्रभा वाहन पर विराजे और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। शुक्रवार को मंगलगिरी पर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रात: 9 बजे भगवान जानकीनाथ की सवारी मंगलगिरी वाहन पर और रात 8 बजे हनुमान वाहन पर मंदिर का भ्रमण करेंगी।
डीडवाना. ब्रह्मोत्सवकार्यक्रम के दौरान नगर भ्रमण करते भगवान।