सवा साल पहले बासनी रोड पर पिता की जान गई थी, अब बेटे की भी गई जान
शहरकी बासनी रोड ने शुक्रवार देर रात से शनिवार शाम तक दो लोगों की जान ले ली। एक युवक घायल भी हुआ। इनमें से एक युवक ने इसी रोड पर सवा साल पहले सड़क हादसे में अपने पिता को खोया था। पहला हादसा शुक्रवार देर रात 2 बजे के करीब सदर थाना क्षेत्र के ग्राम बासनी की सरहद में पैट्रोल पंप के पास हुआ। जीप की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को बासनी पुलिए से उतरते ही जिला उद्योग केंद्र के सामने एक युवक को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बासनी निवासी मोहम्मद जुनैद मोहम्मद रजा नागौर में सूफी साहब के उर्स में भाग लेकर वापस मोटरसाइकिल से गांव जा रहे थे। देर रात को एक जीप के चालक ने लापरवाही से चलाकर मोटरसाइकिल के टक्कर मार दी। जुनैद मोहम्मद रजा को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान 20 वर्षीय मोहम्मद जुनैद की मौत हो गई। जीप चालक के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
इदरीशने इसी रोड पर खोया था पिता को
सूफीदरगाह के पास रहने वाला इदरीश पुत्र नूर मोहम्मद शनिवार को बाइक पर अपने घर जा रहा था। शाम के समय पुलिए से नीचे उतरते ही सामने से रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर इदरीश को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में इदरीश की मौके पर ही मौत हो गई। आस पास के लोगों ने शव अस्पताल पहुंचाया पुलिस को सूचना दी। करीब सवा साल पहले इदरीश के पिता नूर मोहम्मद की इसी रोड पर सड़क हादसे में टैक्सी पलटने से मौत हो गई थी। हादसे की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम होगा।
नागौर. बासनी पुलिए के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत होने के बाद मौके पर मौजूद लोग।