अश्व वाहन पर निकली भगवान की सवारी
मकराना | भगवानश्रीचारभुजानाथ के 458वें प्राकट्योत्सव के अवसर पर शनिवार को दूसरे दिन चारभुजा मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह सवा सात बजे ठाकुरजी का श्रृंगार किया गया एवं आरती के बाद बाल भोग लगाया गया। इसके पश्चात पंडितों की टोली ने वयोवृद्ध पुजारी गंगाधर व्यास के नेतृत्व में सुगंधित द्रव्यों से भगवान का महाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर दोपहर में आयोजित महाआरती में भाग लिया। दोपहर में महिला मण्डल द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। संगीतमय भजनों की महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुतियां भी दी। इस मौके पर पंडित रामवतार, महेश पुजारी, कैलाश पुजारी, दिनेश पुजारी, दीपक पुजारी आदि ने विभिन्न कर्मकाण्ड संपन्न करवाए। प्राकट्य महोत्सव के तहत प्राकट्य स्थल जयशिव चौक बावड़ी से लेकर चारभुजा मंदिर तक भव्य सजावट की गई है। महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को दोपहर 3:15 बजे मंदिर से जयशिव चौक बावड़ी तक भगवान चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को 6:15 बजे बावड़ी पर भव्य आतिशबाजी की जाएगी एवं वहां पर दीपक जलाए जाएंगे।