बेटी होने पर प्रसूता को मिलेंगे न्यू बेबीबोर्न किट : डॉ. शर्मा
बांगड़चिकित्सालय डीडवाना के सभागार में सोमवार को खण्ड डीडवाना के चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की मासिक बैठक का आयोजन खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। डॉ. शर्मा ने बताया कि खण्ड डीडवाना क्षेत्र में इंडियन रेडक्राॅस सोसायटी शाखा नागौर द्वारा जे.के. व्हाइट सीमेंट गोटन के सौजन्य से बेटी बचाओ अभियान के तहत प्रत्येक प्रसूता के बेटी होने पर उसे न्यू बोर्नबेबी किट, जिसमें बच्चे के बिछाने की चादर, जैकेट, टोपी, बेबी डाइपर एवं बेबी ब्लैंकेट होगा जो प्रदान किए जाएंगे। शर्मा ने 10 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के बारे में चर्चा की तथा चिकित्सा अधिकारी एवं एएनएम द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया। डॉ. शर्मा ने इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के लिए निर्देशित किया। डॉ. शर्मा ने बताया कि 10 फरवरी को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मौलासर पर ही शिशु स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। जिसमें आशा सहयोगिनी द्वारा आंगनबाड़ी में पंजीकृत 1 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं उनकी माताओं को बुलाया जाएगा। जिन्हें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में ओआरएस घोल बनाने की प्रक्रिया के बारे में एवं प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीएचएस संगीता वर्मा ने आगामी माह में आयोजित होने वाले परिवार कल्याण कैम्पों की जानकारी दी। पीएचएस गुरुबक्श ने पीसीटीएस के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा उनकी कमियों के बारे में बताया। डॉ. शर्मा ने परिवार कल्याण, टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उपकेन्द्र वार समीक्षा की तथा 47 प्रसाविकाओं एवं 8 चिकित्सा अधिकारियो को कम उपलब्धि अर्जित करने पर नोटिस दिए तथा सभी संस्थानों को 31 मार्च तक अपने लक्ष्यों की पूर्ति के लिए निर्देशित किया। उन्होंने पीपीआईयूसीडी की समीक्षा की राजकीय सीटी डिस्पेंसरी डीडवाना, दयालपुरा, छोटीबेरी, धनकोली को शून्य उपकेन्द्र पर असंतोष जताया।