एकजुट रहने से ही विकास संभव : गहलोत
समाजके लिए काम करने वाले व्यक्ति महान होते है। अपने लिए तो हर कोई प्रयास करता है लेकिन दूसरों के लिए प्रयास कम ही लोग करते है। यह बात अजमेर नगर निगम के मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने सोमवार को डेगाना गांव रोड स्थित हरिसिंह पैलेस में माली सैनी समाज द्वारा आयोजित एक दिवसीय वार्षिक उत्सव एवं शिक्षा जागृति तहसील स्तरीय सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि आज समय बदल गया है और अन्य समाज की तरह माली समाज को भी शिक्षित होना पड़ेगा। समाज में शिक्षा के स्तर को और अधिक बढ़ाने और सामाजिक एकजुटता पर बल देना भी जरूरी हो गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागौर सभापति कृपाराम सोलंकी ने कहा ऐसे आयोजनों से समाज में अच्छा संदेश जाता है। उन्होंने सामाजिक रुप से संगठित होने की बात कही। साथ ही बदलते दौर में शिक्षा जागरूकता का महत्व बढ़ता जा रहा है। ऐसे में बगैर भेदभाव के बेटी बेटे को पढ़ाया जाना चाहिए। समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर विकास के लिए एक साथ कदम बढ़ाना होगा तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव होगा। अखिल भारतीय सैनी सेवा सदन के अध्यक्ष औंकारराम कच्छावा ने कहा समाज में शिक्षा का प्रचार-प्रसार और नारी के शिक्षित होने पर ही समाज का विकास संभव है। एक महिला शिक्षित होकर दो परिवारों को शिक्षित करती है। समाज में शिक्षा को बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता है। इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत महात्मा ज्योतिबा फूले एवं सावित्रि बाई की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन पुष्प अर्पण के साथ हुई। सैनी समाज के तहसील अध्यक्ष ताराचंद गहलोत ने बताया कि बैठक में समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, समाज को शिक्षा, रोजगार अन्य प्रगतिशील कार्यों की ओर बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर नोरतमल सिंगोदिया, ओमप्रकाश सांखला, गीता सोलंकी, मंजू सैनी, ताराचंद गहलोत पुष्कर, भंवरलाल मालाकार, पूर्व प्रधान रिया राजूराम माली, कालूराम बबेरवाल, भगवती प्रसाद मारोठिया, जगदीश गहलोत, सुनील गहलोत, कमल किशोर भाटी, नटवरलाल मारोठिया, कमल मारोठिया, ओमप्रकाश गहलोत सांजू सहित डेगाना, किरड, जावला, हरसौर, भेरुन्दा, थावला, आलनियावास, सांजू आदि डेगाना तहसील क्षेत्र के माली समाज के लोग पहुंचे।
डेगाना गांव में तहसील स्तरीय माली समाज के सम्मेलन में मौजूद समाज के लोग।