शिशु की सेहत बताने वाली मां को मिलेगा इनाम
अपनेलाल की सेहत की सही जानकारी देकर माताएं इनाम जीत सकती है। इनाम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग देगा। जिसमें किट, नकद और गिफ्ट हैंपर भी हो सकता है, हां इसके लिए मां को शिशु स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्नों का जवाब सही देना होगा।
यह इनाम देने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर 10 फरवरी को प्रत्येक ब्लाॅक में शिशु स्वास्थ्य दिवस मनाने का फैसला किया है। इसके लिए विभाग शिविर लगाकर माताओं को आमंत्रित किया करेगा। इन शिविरों में माता अपने 0 से 5 साल तक के बच्चों को लेकर भाग लेंगी। इस मौके पर विभाग शिशुओं के स्वास्थ्य का परीक्षण करेगा, जिसमें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम मदद करेगी।
योजना को रोचक ढंग से पहुंचाने के लिए शिविर स्थल पर ही शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी, जिसमें टीकाकरण, पोषण, साफ सफाई, आहार, स्तनपान आदि विषयों को शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ सुकुमार कश्यप ने बताया कि शिशु स्वास्थ्य दिवस आयोजन पर आरसीएचओ की देखरेख में ब्लाॅक सीएमओ आशा समन्वयकों को कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई हैं।
कहां और कब होगा
जिलाप्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ मुश्ताक अहमद ने बताया कि शिशु स्वास्थ्य दिवस का आयोजन ब्लाॅक के सबसे बड़े गांव अथवा सर्वाधिक जनसंख्या वाले क्षेत्र में स्थित सीएचसी, सामुदायिक केंद्र, सार्वजनिक मैदान या स्कूल आदि में 10 फरवरी को होगा। नागौर ब्लाॅक में इस कार्यक्रम की शुरूआत बासनी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि 0 से 5 साल के सभी शिशु और उनकी माताएं शिविर में पहुंचे। इसके लिए आशा को अपने क्षेत्र की माताओं को समारोह स्थल पर आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए है। कार्यक्रम में प्रतियोगिता के माध्यम से रूचिकर बनाने का प्रयास है। ताकि शिशु स्वास्थ्य के जुड़ी हर जानकारी माता को सुविधाजनक तरीके से मिल सके।
2100रुपए का पुरस्कार
शिशुस्वास्थ्य दिवस योजना में 2100 का पुरस्कार प्रति ब्लाॅक तय किया गया है। इनमें ब्लाॅक चिकित्साधिकारी अपने विवेक के अनुसार प्रतिभागी माताओं को गिफ्ट देंगे। इसी के साथ ही बच्चों और माताओं को अल्पाहार की व्यवस्था भी कैंप में होगी।