सेना भर्ती रैली के लिए 25 मार्च तक खुले हैं ऑनलाइन आवेदन
सेनाभर्ती रैली के लिए इस बार ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। नागौर में आगामी 8 से 17 अप्रैल तक नागौर एवं टोंक जिले के अभ्यर्थियों के लिए होने वाली सेना भर्ती रैली के लिए आवेदन 25 मार्च तक किए जा सकते हैं। सेना भर्ती मुख्यालय के निदेशक कर्नल सुवीर सेठ ने बताया कि 8 अप्रैल को टोंक जिले के तथा 9 से 14 अप्रैल तक नागौर जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी। वहीं 15 से 17 अप्रैल तक दस्तावेजों संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदन ई-मित्र केन्द्रों से भी किए जा सकते हैं। आवेदन का प्रपत्र साधारण रूप से तैयार किया गया है। इसे भरने में अभ्यर्थियों को कोई समस्या नहीं होगी। इसमें अपनी ई-मेल आईडी अवश्य भरें। भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र ई-मेल आईडी पर ही भेजे जाएंगे। यह प्रवेश पत्र भर्ती रैली के समय अभ्यर्थी को साथ लाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्र पर बार कोड छपे होंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र को मोड़ना नहीं चाहिए। प्रवेश पत्र में भर्ती रैली में उपस्थित होने की तारीख तहसीलवार दर्शाई जाएगी।