भाकरोद के युवक के साथ रीट परीक्षा में दुकानदार ने की ठगी
हालही में हुई रीट 2015 भर्ती परीक्षा में भाकरोद निवासी महेंद्र ईनाणिया को ठगी का शिकार होने से परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। जिससे उसकी परीक्षा को लेकर सारी तैयारी धरी रह गई। जानकारी के अनुसार दुकानदार द्वारा साइबर कैफे से फर्जी टोकन देकर धोखाधड़ी करने के कारण अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। पीड़ित अभ्यर्थी महेंद्र ईनाणिया ने कोर्ट में परिवाद पेश कर बताया कि उसने मानासर स्थित साइबर वर्ल्ड इंटरनेट कैफे से आवेदन किया। इस दौरान दुकानदार कारपुरा निवासी आसिफ पुत्र एहसान खां सिंघाणी निवासी नरेंद्र ने उसे फर्जी टोकन काटकर रुपए ले लिए और संतुष्ट कर दिया कि आवेदन भर गया। जब अभ्यर्थी ने परीक्षा नजदीक आने पर प्रवेश पत्र निकालना चाहा तो मिला नहीं। उन्होंने इसी दुकान पर संपर्क किया तो कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं मिला। इस पर अजमेर संपर्क किया तो जवाब मिला कि उनका आवेदन फीस के अभाव में रद्द कर दिया गया। उसे जानकारी दी गई कि उनके द्वारा भेजा गया टोकन फर्जी था। परिवादी ने बताया कि इससे उनको आर्थिक नुकसान के साथ साथ मानसिक नुकसान भी हुआ। उसका कहना था कि उसका भविष्य अधर में चला गया है। जिससे उसे काफी परेशानी हुई है। पीड़ित ने साइबर कैफे के आसिफ पुत्र एहसान खां नरेंद्र के खिलाफ परिवाद पेश कर कार्रवाई की मांग की है।