नकली सोना थमा किसान से ठगे दो लाख रुपए
मेफलियासगांव के एक किसान को एक ठग ने असली बताकर नकली सोना थमा दो लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित ने रविवार को आसींद थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
थाना प्रभारी फूलचंद प्रजापत ने बताया कि मेफलियास निवासी बालू पुत्र भागू गुर्जर ने बडडू (नागौर) निवासी कैलाश पुत्र शंकरलाल जोशी के खिलाफ रिपोर्ट दी। इसके अनुसार बालू को एक महीने पहले कैलाश ने फोन कर घर में सोना निकलने की बात कही। कैलाश ने इस सोने को सस्ते में बेचने का भरोसा भी बालू को दिया। बालू, कैलाश के झांसे में गया और उसे घर बुलवा लिया। 15 दिन पहले कैलाश मेफलियास आया और बालू को नकली सोने को असली बताकर दे गया। बदले में बालू से वह दो लाख रुपए ले गया। इसके दो दिन बाद बालू ने इस सोने की जांच करवाई तो वह नकली पाया गया। बालू ने कैलाश से फोन पर संपर्क किया तो उसने धोखाधड़ी कर रुपए ऐंठने की बात कही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।