- Hindi News
- भाजपा का बोर्ड बनते ही एससी वर्ग को पहली बार मिला मौका
भाजपा का बोर्ड बनते ही एससी वर्ग को पहली बार मिला मौका
पॉलिटिकल रिपाोर्टर | डूंगरपुर
जिलापरिषद में पहली बार भाजपा का बोर्ड बनने के बाद जिले में एससी वर्ग से उपजिला प्रमुख बनाया गया है। भाजपा के मणिलाल चावला उपजिला प्रमुख बने। चावला को 14 और कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्रसिंह को 13 मत मिले। इससे पहले सुबह 10 बजे उपजिला प्रमुख पद के लिए जिला परिषद के ईडीपी हॉल में नामाकंन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा से गिरीश पाटीदार और कांग्रेस से वीरेंद्रसिंह ने नामांकन भरा। भाजपा से ही मणिलाल चावला ने डमी के रूप में पर्चा दाखिल किया। इसी बीच गिरीश पाटीदार ने नामांकन वापस ले लिया। इस तरह भाजपा के चावला और कांग्रेस के वीरेंद्रसिंह के बीच मतदान हुआ, जिसमें चावला विजयी रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीतसिंह ने उन्हें शपथ दिलाई।
भाजपा के सदस्य की ओर से क्रॉस वोटिंग करने पर भी कांग्रेस के दो उपप्रधान बन गए। गलियकोट और आसपुर पंचायत समिति में क्रॉस वोटिंग हुई। इसी प्रकार दोवड़ा में उपप्रधान के लिए कांग्रस से बागी हुई उम्मीदवार जीत गई। (विस्तृतपेज : 4)
5 मिनट पहले भरा कांग्रेस ने नामांकन
दोपहरडेढ़ बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियकांत पंड्या, दिनेश खोडनिया सहित कुछ बड़े पार्टी पदाधिकारी कलेक्ट्री पहुंचे। उन्होंने एडीएम को बताया कि भाजपा प्रत्याशी चावला का नामांकन नियत समय 11 बजे के बाद दाखिल किया गया। पूर्वजिला प्रमुख बीएल रोत ने वीडियो दिखाने की डिमांड की। इस पर एडीएम ने कहा कि कलेक्टर ही इसके लिए अधिकृत है। जब कलेक्टर पहुंचे तो कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी। कलेक्टर ने बताया कि नामांकन पर समय 10: 55 दर्ज किया गया है। आप चाहे तो बाद में वीडियो भी दिखा देंगे।
जीत के बाद जश्न
उपजिलाप्रमुख पद पर भाजपा की जीत के बाद जश्न का माहौल शुरू हो गया। भाजपा जिंदाबाद के खूब नारे भी लगे। जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार, चैंबर अध्यक्ष के के गुप्ता, पूर्वमंत्री कनकमल कटारा, चौरासी विधायक सुशील कटारा, सुदर्शन जैन, प्रभु पंड्या, प्रकाश पंचाल, दिलीप नागदा मौजूद थे। इधर, अंतिम समय तक कांग्रेस नेता स्थिति पर नजर रखे हुए थे। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, जिलाध्यक्ष प्रियकांत पंड्या, प्रेमकुमार पाटीदार और अन्य नेता डटे रहे।
उपजिला प्रमुख के चुनाव के बाद जिला प्रमुख और चावला काे फूल मालाओं से लाद दिया।
उपजिला प्रमुख की वोटिंग के लिए जिला परिषद कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर जाते जिला परिषद सदस्य।