- Hindi News
- रोडावाला के पास बाइक सवारों से लूट, कई वाहनों पर फेंके पत्थर
रोडावाला के पास बाइक सवारों से लूट, कई वाहनों पर फेंके पत्थर
आसपुरथाना क्षेत्र के रोडावाला के पास रविवार रात को बदमाशों ने लूट की नियत से कई वाहनों पर पत्थर फेंके। बाइक पर सफर कर रहे दो युवकों को रोककर उनके पास से पर्स और मोबाइल छीन लिए। धक्का-मुक्की में दोनों बाइक सवारों को मामूली चोटें भी आई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान संदिग्ध दो युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। चुंडियावाड़ा निवासी हिम्मतसिंह पुत्र दुर्जनसिंह राठौड़, पूंजपुर निवासी प्रभुलाल वर्मा बाइक से रात १०.३० बजे आसपुर से पूंजपुर की ओर रहे थे। रोडावाला के पास दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने वाहन को रोककर चाकू की नोक पर उनसे मोबाइल पर्स छीन लिया। हिम्मतसिंह से धक्का- मुक्की भी की। इसमें दोनों को हल्की चोटें आई। बदमाशों के भागने के बाद दोनों पूंजपुर पहुंचे और लोगों को आपबीती सुनाई। इसके बाद आसपुर पुलिस को सूचना दी। इस पर थानाधिकारी कैलाश सोनी ने तत्काल मय जाप्ता तलाशी के दौरान दो युवकों को आसपुर के पास से हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मौके से दो जने भाग गए। पुलिस ने वाड़ा घोडिया के पास एक बाइक बरामद की है। बदमाशों ने बाइक सवारों से लूट के पूर्व भी कई वाहनों पर पत्थर फेंके थे, लेकिन किसी ने भी वाहन नहीं रोका, जिससे वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।