दस दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर 16 से
शहर में दस दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर 16 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। शिविर महावीर इंटरनेशनल आबूरोड के तत्वाधान में तथा आदर्श क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड, जिला प्रशासन सिरोही, चितरंजन मोबाइल सर्जिकल यूनिट उदयपुर एवं आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर के सहयोग से आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही है। शिविर में सामान्य शल्य चिकित्सा एवं नेत्र शल्य चिकित्सा संबंधी ऑपरेशन किए जाएंगे, जिसमें प्रथम दो दिन 16 एवं 17 फरवरी को रोगियों की जांच भर्ती की जाएगी। शिविर को सफल बनाने के लिए महावीर इंटरनेशनल की टीमों ने पिछले पखवाड़े भर से जिले के विभिन्न गांवों रेवदर, सरूपगंज, पिंडवाड़ा, रोहिड़ा, भारजा, सियावा, सुरपगला, मावल, वासड़ा, गिरवर, चनार, मूंगथला, आबूरोड शहर एवं इसके आसपास के छोटे गांवों में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। शिविर के सफल संचालन के लिए संस्था ने विभिन्न कमेटियां गठित की है तथा सभी कमेटियां अपनी-अपनी तैयारियां कर रही है।
शिविर में हर्निया, अपेंडिक्स, मस्सा, भगंदर, पथरी गांठे, फिस्टूला, स्त्री रोग, बच्चेदानी अन्य ऑपरेशन, आंखों की जांच आदि सभी बीमारियों का ऑपरेशन कर निदान किया जाएगा।
शिविर में एक्स-रे, इसीजी, खून अन्य जांच की सुविधा, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं बहिरंग रोगियों (ओपीडी) की जांच कर निशुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा। आंखों के ऑपरेशन ग्लोबल हॉस्पिटल में किए जाएंगे।