बैठक में माउंटआबू के विकास पर हुआ मंथन
हिलस्टेशन माउंट आबू में विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को पालिका पुस्तकालय में पालिका अध्यक्ष सुरेश थिंगर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर में वाहनों के जाम की समस्या के समाधान के लिए मुख्य सड़कों को चौड़ा करने, पर्यटकों के अधिक ठहराव के लिए नए दर्शनीय स्थलों की संभावना तलाशने, पुराने दर्शनीय स्थलों का जीर्णोद्धार, रेलवे बुकिंग कार्यालय को सप्ताह भर खुला रखने की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण, राजस्थान दिवस को गरिमामय मनाने के लिए तीन दिवसीय कार्यक्रम तैयार करने और मुक्तिधाम में एक रुपए के टोकन पर सभी लोगों को दाह संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने, आवारा पशुओं को नियंत्रित करने को ठेका पद्धति विकसित करने, माउंट आबू ईको सेंसटिव जोन लागू होने से शहर का कचरा सीमा से बाहर निस्तारित करने के लिए माउंट आबू, आबूरोड और पिंडवाड़ा नगरपालिकाओं का संयुक्त रूप से वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण संयत्र स्थापित करने को सक्षम स्वीकृति प्राप्त करने, माउंट आबू को शीघ्र स्मार्ट सिटी घोषित करवाने को केंद्र, राज्य सरकारों जनप्रतिनिधियों से निवेदन करने, बहुप्रतीक्षित सालगांव बांध को अमलीजामा पहनाने की स्वीकृति प्रदान कराने, जोनल मास्टर प्लान शीघ्र लागू करवाने, पर्यटकों, नागरिकों के वाहनों के शहर में बढ़ते दबाब को व्यवस्थित करने को स्वीकृत बहुमंजिला किचन गार्डन पार्किंग का कार्य शीघ्र शुभारंभ कराने, कोलडिपो के पीछे, नींबूनाला के दोनों ओर, कमला नेहरू पार्क से लगे तालाब, माचगांव, अशोक वाटिका नर्सरी आदि में पार्किंग विकसित करने समेत पार्किंग के लिए अन्य संभावित स्थानों को चयनित करने पर बल दिया गया।
नक्कीझील-गुलाबगंज सिरोडी मार्ग हो सही : पूर्वविधानसभा मुख्य उपसचेतक रतन देवासी ने कहा कि माउंट आबू के देश से जोड़ने को एकमात्र माउंट आबू-आबूरोड मार्ग के मानसून के दौरान कई बार चट्टानें खिसकने और कई अन्य कारणों से मार्ग के अवरूद्ध होने से शहर का संपर्क कटने पर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी के समाधान के लिए मिनी नक्की झील-गुलाबगंज सिरोडी मार्ग को सही किया जाना चाहिए।
बैठक में पालिका उपाध्यक्ष अर्चना दवे, आयुक्त विजयदान चारण, कश्यप जानी, सुनील आचार्य, मांगीलाल काबरा ने भी विचार व्यक्त किए।
इन पर भी हुई चर्चा
बैठकमें यह भी चर्चा की गई कि फुटकर व्यवसाय के लिए स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने, अनादरा प्वाइंट से भैरूतारकधाम तक रोप-वे स्थापित करने, पर्यटकों के साथ किसी भी सूरत में अभद्र व्यवहार हो उसकी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थलों, आम रास्तों, प्रतिबंधित क्षेत्रों में शराब पीते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को संबंधित विभागों से निवेदन करने, दर्शनीयस्थलों पर समुचित पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का होना आवश्यक है।
माउंट आबू. बैठकमें चर्चा करते नगरपालिकाध्यक्ष।