- Hindi News
- आमेट में पशु मेला आज से, टेंडर से अब तक पालिका को पांच लाख की आय
आमेट में पशु मेला आज से, टेंडर से अब तक पालिका को पांच लाख की आय
आमेट| नगरमें केलवा मार्ग स्थित मेला ग्राउंड पर नगर पालिका द्वारा होने वाले पांच दिवसीय पशु मेले का उद्घाटन गुरुवार को होगा। देर शाम तक व्यापारी मेलास्थल पर दुकानें जमाने में व्यस्त रहे। इधर, पालिका प्रशासन द्वारा मेले की तैयारियां की।
मेले को लेकर व्यापारियों की आवक होती रही। विभिन्न नस्लों के पशुओं के आने का क्रम देर शाम तक चला। मेले में बुधवार शाम तक एक हजार पशुओं की आवक हो चुकी थी। पशु के प्रवेश-बिक्री के ठेके, भूखंड आवंटन से करीब 5 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हो चुका है। मेला कमेटी द्वारा बाहर से तथा स्थानीय व्यापारियों को करीब 450 भूखंड आवंटन किए जा चुके हैं।
पालिका द्वारा मेले में आने वाले पशुओं के लिए चारा, पानी की व्यवस्था की गई है। मेले में जादूगर, सर्कस, मौत का कुआं, चकरी, डोलर, सिनेमा सहित मनोरंजन के साधन लगाए हैं। सौंदर्य प्रसाधन, मीनाकारी, कपड़े, खिलौने के साथ ही बर्तन के बाजार में दुकानें लग चुकी है। मेला कमेटी के अध्यक्ष रतनसिंह राठौड़ के अनुसार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए रंगमंच तैयार किया है।
20 को भजन संध्या
मेलेमें प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 19 सितम्बर रात को भीलवाड़ा के अमरीश पंवार ग्रुप द्वारा फिल्मी एवं राजस्थानी संगीत संध्या, 20 को भीलवाड़ा के न्यू राजस्थानी म्युजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या, 21 को समृद्धि फिल्मस एवं टेलीविजन मुंबई की प्रस्तुति, 22 सितंबर की रात को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें अलीगढ़ के डॉ. विष्णु सक्सेना, दिल्ली के डॉ. कीर्ति काल, कोटा के डॉ. संजय शुक्ला, शाहजहांपुर के अशोक नागर, काेटा के बाबू बंजारा कविता पाठ करेंगे।
आमेट। मेला ग्राउंड में पशु मेले को लेकर व्यापारियों का आना शुरू हो गया है।