- Hindi News
- पांच वार्डों में पुरुष प्रत्याशियों को हराकर जीती महिलाएं, 143 वार्डों में से 69 पर काबिज हुईं
पांच वार्डों में पुरुष प्रत्याशियों को हराकर जीती महिलाएं, 143 वार्डों में से 69 पर काबिज हुईं
पंचायतराजके तीनों चरणों के चुनाव में जिला परिषद सातों पंचायत समितियों के 143 वार्डों में से 137 पर चुनाव लड़कर इस बार 69 महिलाएं जीतकर आई है। छह वार्डों में इनका पुरुषों से मुकाबला था। सिर्फ खमनोर पंचायत समिति के एक वार्ड के अलावा सभी पांच महिला प्रत्याशियों ने पुरुष प्रत्याशियों को पछाड़ दिया। पुरुषों से ये कहीं डेढ़ तो कहीं दो हजार वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीती हैं। जिला परिषद की 25 सीटों में से दो वार्डों में इन्होंने पुरुष प्रत्याशियों को हराया। उपजिला प्रमुख सहित राजसमंद, खमनोर, आमेट में महिला प्रधान देवगढ़ में उप प्रधान भी महिला बनी हैं।
पिछली बार जिला परिषद में सात महिला सदस्य ही थीं, इस बार महिलाओं को पंचायतीराज में पचास प्रतिशत आरक्षण मिलने से 12 महिलाएं चुनकर आई है। पंचायत समितियों में भी महिला जनप्रतिनिधियों का दबदबा रहा है। राजसमंद पंचायत समिति के 17 वार्डों में इस बार 18 महिलाओं ने नामांकन किया था। इसमें से 9 महिलाएं जीत कर आई है। इसी पंचायत समिति के वार्ड 4 में भाजपा की मीना कुंवर सर्वाधिक 888 मतों से चुनाव जीती है।
देवगढ़ के 15 वार्डों में इस बार 13 महिलाओं ने नामांकन किया था। 7 महिलाएं चुनकर आई है। वार्ड 13 से भाजपा की पारस देवी को सबसे अधिक 684 मत मिले है।
रेलमगरा में सभी 17 वार्डों में 17 ही महिला प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। इनमें से 8 महिलाएं पंचायत समिति सदस्य चुनी गई हैं। हालांकि किसी भी वार्ड में महिला पुरुष के बीच सीधा मुकाबला नहीं रहा। लेकिन कुछ वार्डों में महिलाओं के बीच भी काफी रोचक मुकाबले हुए। वार्ड 7 से भाजपा की मीनाक्षी दाधीच ने कांग्रेस की ललिता को सर्वाधिक 924 मतों से हराया।
भीम के 16 वार्ड में 16 ही प्रत्याशी भाजपा के ही जीत कर आए हैं। दोनों ही पार्टियों की ओर से 17 महिलाओं को उतारा था। 17 में से 8 महिलाएं जीत कर आई है। वार्ड 10 में भाजपा की अणदा देवी ने कांग्रेस की धन्नू देवी को एक हजार 139 मतों से हराया।
कुंभलगढ़ के 17 वार्ड में दोनों ही पार्टियों से 16 महिलाएं मैदान में थीं। वार्ड 4 से भाजपा की सोनल कुंवर ने कांग्रेस की सुशीला देवी को 924 मतों से हराया। इस बार पंचायत समिति में भी 17 में से 8 महिलाएं चुनकर आई है। जो आधी से अधिक है।
जिले की सबसे बड़ी पंचायत समिति खमनोर में 21 वार्ड में से 20 महिलाओं ने नामांकन किया था। 10 महिलाएं चुनकर आई है। भाजपा के बोर्ड में पहली प्रधान शोभा पुरोहित बनी है। इस पंचायत समिति के वार्ड 8 से संगीता सोनी ने कांग्रेस की सीमा देवी को सर्वाधिक एक हजार 69 मतों से हराया है।
जिले की सातों पंचायत समितियों में महज खमनोर पंचायत समिति के वार्ड 12 से भाजपा के कमलेश पालीवाल के सामने कांग्रेस की प्रत्याशी ओडन की पूर्व उप सरपंच राखी पालीवाल हार गईं। यहां से राखी को भाजपा के कमलेश ने 529 मतों से हरा दिया।
प्रधानी में सबसे बड़ी जीत आमेट की
सातोंपंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़कर प्रधान बनने वाले जनप्रतिनिधियों में सबसे बड़ी जीत आमेट की प्रधान अरविंद कुंवर के नाम रही। वे सबसे अधिक एक हजार 985 मतों के अंतर से जीत कर आई है।
आमेट में महिलाएं निर्विरोध भी जीतीं
आमेटपंचायत समिति के 16 वार्ड में से वार्ड 3 से शकुंतला कुंवर, वार्ड 5 से शीलू भील पंचायत समिति सदस्य के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुई। अन्य 14 वार्डों में 7 में महिलाएं चुनकर आई।
जिला परिषद के दो वार्डों सहित पंचायत समितियों में कुछ जगहों पर महिलाओं का पुरुष प्रत्याशियों के साथ सीधा मुकाबला भी हुआ। मुकाबले में जहां पुरुष प्रत्याशी होने के बावजूद महिलाओं की जीत का अंतर भी एक हजार से ज्यादा रहा। जिला परिषद के वार्ड 7 में भाजपा की हंस कुंवर का कांग्रेस के रामेश्वर खटीक निर्दलीय लाल सिंह से सीधा मुकाबला था। इस रोचक मुकाबले में हंस कुंवर ने कांग्रेस के रामेश्वर खटीक को दो हजार 653 मतों से हराया। जिला परिषद के वार्ड 15 से भाजपा की वर्षा राजपूत के सामने कांग्रेस ने देवेंद्र सिंह को उतारा। वर्षा ने देवेंद्रसिंह को एक हजार 367 मतों से हराकर जिला परिषद की सीट जीती। देवगढ़ पंचायत समिति में वार्ड 11 में भाजपा की मीना देवी ने कांग्रेस के पुरुष प्रत्याशी जेता को 374 मतों से हराया। खमनोर पंचायत समिति के दो वार्डों में महिला पुरुष प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। वार्ड एक से कांग्रेस की प्रेम कुंवर ने भाजपा के हरीश चंद्र पालीवाल को 139 मतों से हराया। मुकाबले में जहां पुरुष प्रत्याशी होने के बावजूद महिलाओं की जीत का अंतर भी एक हजार से ज्यादा रहा।