- Hindi News
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पशु मेला शुरू
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पशु मेला शुरू
आमेट | नगरके केलवा मार्ग स्थित मेला ग्राउंड पर आमेट नगरपालिका मंडल की ओर गुरुवार से पांच दिवसीय 39 वें पशु मेला शुरू हुआ। पहले दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा ने की। मुख्य अतिथि सांसद हरीओम सिंह राठौड़ थे। विशिष्ट अतिथि मंहत सीताराम दास, नगरपालिका चेयरमैन कैलाश मेवाड़ा, शोभालाल रेगर, थानाप्रभारी घनश्याम सिंह, पालिका उप चेयरमैन रतनसिंह राठौड़, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हजारीलाल गुर्जर, नगर अध्यक्ष यशवंत चोरडीया, राजेन्द्र लोहार, प्रकाश पालीवाल, तहसीलदार ईश्वरलाल खटीक थे। समारोह में राजकीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। नगर की बाल नृत्यागंना लूईसा टेलर द्वारा धरती धोरा री, धरती मीठा मोरा री... राजस्थानी गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। सांसद हरीओम सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। देश में पशुुओं का बड़ा महत्व है। मेले के माध्यम से किसान अपने पशुओं की खरीद फरोख्त सही रूप से से करते हैं। मंच का संचालन मदनलाल पुरोहित ने किया। इससे पूर्व पंडित भंवरलाल पालीवाल ने पूजा अर्चना मंत्रोच्चार के साथ बैलों की जोड़ी की पूजा करवा मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेले के पहले दिन रौनक कम रही। 800 व्यापारियों को दुकानें आवंटित की गई हैं। मेले के पहले दिन व्यापारी भी दुकानें सजाने में लगे रहे।
आमेट। पशुमेले के उद्घाटन समारोह में नृत्य की प्रस्तुति देती बाल कलाकार।