भीड़ बढ़ी तो लगानी पड़ी अतिरिक्त मशीनें
झौर | आमेटके उपखंड अधिकारी तरू सुराणा ने गुरुवार दोपहर पौने एक बजे झौर के राजीव गांधी सेवा केंद्र पर लगे भामाशाह शिविर का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम शिविर स्थल पर करीब एक घंटे तक रहीं। एसडीएम सुराणा ने शिविर में देरी से आने वाले एक पुलिस जवान को फटकार लगाई और समय पर आने को कहा। शिविर के चौथे दिन गुरुवार को भी शिविर में भीड़ रही। खासी भीड़ होने से आधारकार्ड की 3 मशीनों को प्रावि चावंड मगरी के स्कूल में ले जाकर शिफ्ट करना पड़ा। नामांकन बनाने के लिए राजीव गांधी सेवा केंद्र पर भी लोगों की भीड़ रही। एसडीएम सुराणा ने ऑपरेटरों को भामाशाह के नामांकन कार्ड बनाने में पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए। शाम 5 बजे के समय जिले से साख्यिंकी अधिकारी रतनलाल पुर्बिया ने भी शिविर का जायजा लिया। शिविर प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी, आमेट विकास अधिकारी गोपाल लाल जैन ने बताया कि शिविर के चौथे दिन 4 बजे तक 130 परिवारों के करीब 450 सदस्यों के भामाशाह नामांकन के कार्ड बनाए गए। 105 लोगों के आधार कार्ड 70 महिलाओं के बैंक खाते खोले गए। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय में एक आधार कार्ड की मशीन के खराब होने से दोपहर तक दो ही मशीनें चली। दोपहर बाद खराब हुई मशीन को सही कर कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों ने आधारकार्ड की मशीनें बढ़ाने की मांग की है। शिविर में सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के जसवंत सिंह, पटवारी जितेंद्र मीणा, प्रेरक कृष्णा शर्मा, सहायक सचिव रतनलाल जाट, हितेंद्र, मीठालाल, मनीष आदि उपस्थित रहे। आमेट उपखण्ड अधिकारी तरू सुराणा ने बताया कि झौर राजीव गांधी सेवा केंद्र पर शुक्रवार को अंतिम दिन तक शिविर चलेगा।
झौर। भामाशाह शिविर में मशीनों के बारे में जानकारी लेते उपखंड अधिकारी तरू सुराणा।