लूणकरणसर फार्म पर निकलेगा जैतून का तेल
राज्यमें जैतून की खेती के लिए लूणकरणसर में स्थापित फार्म एडक्टीव ट्रायल सेंटर पर तेल का उत्पादन तीन अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इसका उद्घाटन करेंगी।
मुख्यमंत्री का तीन अक्टूबर को दोपहर दो से चार बजे के बीच बीकानेर आने का कार्यक्रम हैं। वे लूणकरणसर में आयोजित किसान मेले में शिरकत करेंगी। साथ ही वहां सरकारी फार्म पर स्थापित जैतून का तेल निकालने वाली मशीन का उद्घाटन भी करेंगी। उनके दौरे की मंजूरी मिल गई है। वे हेलीकॉप्टर से आएंगी। जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कृषि विभाग को भी जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य में जैतून के सात-आठ कृषि फार्म हैं। इनमें से बीकानेर संभाग में दो हैं। एक लूणकरणसर और दूसरा अनूपगढ़ में है। राजस्थान, इजराइल सरकार और फिनोलक्स कंपनी की संयुक्त भागीदारी में गठित राजस्थान ऑलिव कल्टीवेशन लिमिटेड (आरओ सीएल) नामक कंपनी के तहत इन फार्मों का संचालन हो रहा है। कृषि विभाग के अनुसार लूणकरणसर फार्म पर जैतून के बीज से तेल निकालने के लिए मशीन एक साल पहले ही लग चुकी है। ट्रायल बेस पर गत वर्ष करीब 1300 लीटर तेल निकाला गया था लेकिन विधिवत तौर पर तेल निकालने का काम अब शुरू होगा। कृषि मंत्री भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
भाजपा के पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था फार्म
लूणकरणसरमें जैतून की खेती के लिए फार्म वसुंधरा राजे के पिछले कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। इस पर तेल का उत्पादन भी अब वसुंधरा के कार्यकाल में ही हो रहा है। इस दौरान जैतून की खेती और तेल निकालने की तकनीक जानने के लिए राज्य के कृषि वैज्ञानिकों को इजरायल भेजा गया था। बीकानेर के उपनिदेशक कृषि जगदीश पूनिया भी उस दल में शामिल थे।
जैतून का तेल निकालने की राज्य में एक मात्र मशीन
लूणकरणसरमें जैतून का तेल निकालने के लिए स्थापित मशीन राज्य में पहली और एक मात्र मशीन है। राज्य में सरकारी फार्मों पर होने वाले जैतून का तेल लूणकरणसर फार्म पर निकाला जाएगा। यहां से तेल को इजरायल सहित अन्य देशों में भेजा जा सकेगा।