- Hindi News
- हफ्तेभर में आए 28 नए मलेरिया रोगी, 1301 को हुआ बुखार
हफ्तेभर में आए 28 नए मलेरिया रोगी, 1301 को हुआ बुखार
बारिशके बाद जगह-जगह हुआ जलभराव और तेजी से बदलते मौसम के चलते जिले में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक जिले भर में 28 मलेरिया रोगियों को चिन्हित किया गया और 1301 मरीजों को बुखार है। इन बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को तो अलर्ट किया ही, साथ ही लोगों से भी एहतियात, सफाई और बचाव करने की अपील की। सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई स्वास्थ्य विभाग की बैठक में जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने बैक्टीरिया को खत्म करने के लिए क्लोरीनेशन पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों, आंगबाड़ी केंद्रों में साफ पानी और सफाई की व्यवस्था को सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विभागीय रिपोर्ट के अनुसार उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या भी बढ़कर 521 हो गई। जबकि टाइफाइड के 4 मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 स्थानों पर फूड सैंपल लिए गए। इसमें अनूपगढ़ के 55 जीबी और पदमपुर रोड पर स्थित 4 गांव के फूड सैंपल जांच में फेल पाए गए। मलेरिया के बढ़ते मरीजों की संख्या जनवरी से अब तक 348 हो गई है। पिछले साल कुल मलेरिया रोगियों की संख्या 316 थी।