- Hindi News
- \"अधिकारी नहीं है तो बैठक का क्या औचित्य\'
\"अधिकारी नहीं है तो बैठक का क्या औचित्य\'
अरनोद | अरनोदपंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक पंचायत समिति के सभागार में प्रधान तेजराम मीणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपखंड अधिकारी विनय पाठक, विकास अधिकारी विजय सिंह चौहान मौजूद थे। पं.स.सदस्य कारूलाल मीणा ने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के बारे में कहा कि साधारण सभा की बैठक में जब विभागीय अधिकारी उपस्थित नहीं है तो साधारण सभा की बैठक करने का क्या फायदा। बैठक समस्याओं के निराकरण के लिए होती है ना कि औपचारिकता के लिए। बैठक में जनसुनवाई के दौरान लोगों द्वारा किए गए आवेदन निस्तारण के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन अधिकारियों के पास किसी प्रकार जानकारी नहीं थी। बीडीओ विजय सिंह चौहान ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारियां दी एवं भामाशाह योजना के बारे में सभी सरपंच को व्यापक प्रचार प्रसार करने को कहा। सरपंच झुझार मीणा ने हमचाखेड़ी डैम की नहरों की साफ सफाई नहर की दीवार के पास लगे हुए पेड़ पौधों की सफाई के लिए कहा। रायपुर सरपंच अमृतलाल मीणा ने रायपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग से निमार्ण कार्य चालू करवाने की बात कही। बैठक में अरनोद प्रतापगढ़ रोड पर पुनः निमार्ण का मुद्दा छाया रहा।
बैठक में अतिरिक्त ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी रमेशचन्द्र जैन, ब्लाॅक सीएमएचओ नरेश कुमावत, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता इकबाल हुसैन एवं पंचायत समिति सदस्य सरपंच मौजूद थे।