पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बंद लिफाफों में लिए सूरजगढ़ हारने के कारण

बंद लिफाफों में लिए सूरजगढ़ हारने के कारण

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झुंझुनूं। सूरजगढ़ उपचुनाव में भाजपा की हार के कारण जानने शनिवार को जयपुर में बुलाई गई। इसमें कुल 52 लोग शामिल हुए। सभी से हार के कारण बंद लिफाफे में लिए गए।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने सभी से चर्चा की। कोटा में जीत के लिए सांसद ओम बिड़ला को शाबासी भी दी वहीं सूरजगढ़ में हार से सबक लेने की नसीहत देते हुए स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनाव की तैयारी में जुटने की नसीहत दी।
उन्होंने डॉ. दिगंबर को सांत्वना देते हुए कहा कि डॉक्टर साहब आप नहीं मैं हारी हूं। आप सूरजगढ़ जाकर चार सदस्यीय कमेटी बनाकर वहां की विकास की योजना बनाएं।

करीब दो घंटे चली बैठक में इस विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए 26 सेक्टर प्रभारी एवं 26 सहायक सेक्टर प्रभारियों ने चुनाव प्रभारी कुलदीप धनखड़ को हार के कारण लिखकर लिफाफे दिए। ये बाद में वसुंधरा को सौंप दिए गए।
ये गए थे जयपुर : सांसद संतोष अहलावत, विधायक सुंदरलाल, शुभकरण चौधरी, मंडावा के निर्दलीय विधायक नरेंद्र खीचड़, जिलाध्यक्ष राजीवसिंह शेखावत, पूर्व विधायक डॉ. मूलसिंह शेखावत, दाताराम गुर्जर, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, बनवारीलाल सैनी, बगड़ नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. दशरथसिंह शेखावत, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष पूनिया, जगदीश गुर्जर, सरजीत कुलहरि, विकास शर्मा, रतनसिंह तंवर, सेवाराम गुप्ता, सुभाष शर्मा, राजेश बाबल, विष्णु रुंथला, सुभाष शर्मा, जगदीश सैनी समेत सूरजगढ़ के लिए सेक्टर प्रभारी बनाए गए सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती, अर्जुन मेघवाल, सहकारिता राज्यमंत्री अजय किलक समेत अनेक पदाधिकारी वहां तलब किए गए थे।

23 को आएंगे डॉ. दिगंबर राजेंद्र राठौड़ : सूरजगढ़ उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. दिगंबरसिंह 23 सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर झुंझुनूं जिले में रहेंगे। चिकित्सा मंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़, सहकारिता राज्यमंत्री अजय किलक भी उनके साथ रहेंगे। ये झुंझुनूं सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। उसके बाद सूरजगढ़ में सभा करेंगे। 24 सितंबर को बुहाना एवं सिंघाना में सभा करके लोगों का आभार जताएंगे।

सूरजगढ़ में पार्टी के प्रत्याशी रहे दिग्गज नेता डॉ. दिगंबरसिंह ने जयपुर बैठक में सिर्फ इतना ही कहा कि हम जीती हुई सीट हार गए। सूत्रों के मुताबिक गुप्त बातचीत में उन्होंने “कारसेवा’ करने वालों के नाम भी गिनाए। अधिकांश लोगों ने एक सांसद, एक विधायक एवं एक पदाधिकारी को हार का मुख्य कारण बताया। भाजपा की रणनीति कांग्रेस तक पहुंचने की शिकायतें भी हुईं।