- Hindi News
- बालाजी दशहरे मेले के संबंध में कलेक्टर ने देखी व्यवस्थाएं
बालाजी दशहरे मेले के संबंध में कलेक्टर ने देखी व्यवस्थाएं
भास्कर न्यूज | मेहंदीपुर बालाजी
धार्मिकनगरी मेहंदीपुर बालाजी में मंगलवार से भरने वाले दशहरे मेले को लेकर सोमवार को कलेक्टर मुक्तानंद अग्रवाल तथा राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र कुमार जैन ने बैठक लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने अधिकारियों को मेले में मंदिर परिसर की साफ सफाई, चिकित्सा, पेयजल, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने, मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी कैमरे लगाकर मेले के निगरानी करने, धर्मशालाओं में बिना पहचान के कमरे नहीं देने, संदिग्ध आचरण के लोगों की जानकारी, मेले में आने वाले लोगों की कोई भी वस्तु दुकानों पर नहीं रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने, बालाजी मंदिर के सामने से जाने वाले वाहनों की आवाजाही बंद करने, पॉलिथीन के उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर थैलियों को जब्त करने, अतिक्रमण हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारी को मेले तक चिकित्सा सुविधा के लिए एक एंबुलेंस तथा डाक्टरों की टीम रखने, बालाजी पुलिस थाने श्रीराम आश्रम में कंट्रोल रूम बनाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने बालाजी महाराज के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की। मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बालाजी महाराज की प्रसादी भेंट की।
बैठक में एसडीएम सीएल मीणा, तहसीलदार मूलसिंह राजावत, बालाजी थाना प्रभारी भोलीराम, बालाजी मंदिर ट्रस्ट के उप सचिव मोहनलाल तिवाड़ी, उम्मेदसिंह, सरपंच संपतराम मीणा सहित चिकित्सा, बिजली, जलदाय, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद थे।