- Hindi News
- दुर्लभ है मनुष्य जीवन, इसे व्यर्थ गवाएं : बाल साध्वी
दुर्लभ है मनुष्य जीवन, इसे व्यर्थ गवाएं : बाल साध्वी
कस्बे के मोकलसर रोड स्थित सिपावरा बेरा प्रांगण में शनिवार को श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ कथावाचक बाल साध्वी प्रेम बाईसा के सानिध्य में किया गया। इससे पूर्व बाल साध्वी के सिवाना आगमन पर कस्बेवासियों की ओर से भव्य स्वागत अभिनंदन किय गया। वहीं दोपहर 1 बजे सदर बाजार स्थित गुरू महाराज समाधि मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भजन मंडलियों की ओर से भजनाें की प्रस्तुतियां दी गई।
वहीं महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर कस्बे के बस स्टेंड, गांधी चौक, मोकलसर रोड होते हुए कथा स्थल पर सिपवरा बेरा पहुंची। जहां पर श्रद्धालुओं की ओर से बाल साध्वी प्रेम बाइसा का स्वागत अभिनंदन किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं ने भागवत गीता का पूजन कर आरती की गई।
साध्वी प्रेम बाईसा ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन दुर्लभ है, इसे व्यर्थ गवाएं। भगवान ने हमें अमूल्य शरीर दिया है, जिसका उपयोग परमार्थ सेवा में करें। दो हाथों से दूसरों की मदद करें, सबको सम्मान की दृष्टि से देखें। धर्म के प्रति श्रद्धा रखें। कलयुग में भगवान की कथा सुन उनके बताए मार्ग पर चलने से पूर्व जन्म के पाप भी धुल जाते है। व्यवस्था समिति के प्रवक्ता सुरेश सांखला ने बताया कि कथावाचन कार्यक्रम 16 से 21 दिसंबर तक दोपहर 12 से सांय 4 बजे तक होगा। वहीं 16 से 18 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात्रि 10 बजे तक भक्ति कीर्तन का आयोजन होगा। भजन कीर्तन में भजन गायक श्याम पालीवाल एंड पार्टी, प्रकाश माली एंड पार्टी बालोतरा जगदीश एंड पार्टी जोधपुर की ओर से सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इस मौके पर लालचंद गहलोत, कानाराम माली, ताराचंद माली, मांगीलाल प्रजापत, पूनमगिरी गोस्वामी, गणपतलाल चौधरी, रमेश सांखला, ओमप्रकाश सांखला आदि मौजूद थे।