पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुनि विमलसागर 18 से बालोतरा प्रवास पर

मुनि विमलसागर 18 से बालोतरा प्रवास पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नाकोड़ातीर्थ पर चतुर्मासरत जैनाचार्य राष्ट्रसंत पदमसागरसूरीश्वर महाराज के शिष्य प्रवचनकार मुनि विमलसागर महाराज मुनि पदमविमलसागर महाराज 18 सितंबर से 10 दिन तक बालोतरा के प्रवास पर आएंगे। बालोतरा जैन समाज के सभी संप्रदायों के श्रद्धालुओं के आग्रह पर दोनों मुनि बालोतरा में दस दिवसीय प्रवास करेंगे। मुनि विमलसागर महाराज मूलतः सिवाना के निवासी हैं और करीब 20 वर्षों बाद राजस्थान की यात्रा पर आए हैं। भारतीय साहित्य के जाने-माने भाष्यकार मुनि क्रांतिकारी प्रवचनकार हैं। उनके सार्वजनिक प्रवचन हर जाति-धर्म और पंथ-मत के श्रद्धालु को प्रेरित आकर्षित करते हैं।

बालोतरा प्रवास के दौरान 19 सितंबर से प्रतिदिन मुनि विमलसागर महाराज के प्रवचन सवेरे 9 बजे लूणी नदी के तट पर स्थित भगवान महावीर गौशाला प्रांगण में आयोजित होंगे। मानवीय जीवन मूल्यों को उष्मा प्रदान करते मुनिवर के प्रवचन अत्यंत मार्मिक, हृदयस्पर्शी और जीवनपयोगी होते हैं। 25 सितंबर को नूतन माह के मंगल प्रारंभ के अवसर पर मुनिवर का महामंगल पाठ का आयोजन होगा। संगीतमय मंत्रजाप और ध्यान के प्रयोग होंगे। बड़ी संख्या में लोग आसपास के गावों एवं शहरों से इस कार्यक्रम में भाग लेने आएंगे।

इसके अतिरिक्त 21 सितंबर को युवा सेमिनार आयोजित होगा। 15 साल से बड़ी उम्र के विद्यार्थी भाई-बहिन इसमें प्रवेश पत्र के आधार पर भाग ले सकेंगे। माइंड पाॅवर, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच, परिवार, समाज और राष्ट्र इत्यादि जीवनपयोगी विषयों पर आधारित यह युवा सेमिनार बालोतरा आसपास के विद्यार्थियों के लिए वरदान होगा। इसी तरह युवा दंपत्तियों के जीवन के व्यवस्थित मार्गदर्शन के लिए दंपत्ति शिविर आयोजित किया जाएगा। अविवाहित कन्याओं के जीवन उत्कर्ष के लिए कन्या उत्कर्ष शिविर भी आयोजित है। अब तक मुनि विमलसागर महाराज विभिन्न प्रांतों में ऐसे सैकड़ों शिविर आयोजित कर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के जीवन को प्रकाशित कर चुके हैं। जैन श्वेतांबर तपागच्छ मूर्तिपूजक संघ बालोतरा के अध्यक्ष गणपतदचंद पटवारी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं को कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है।

मुनि विमलसागर।