मां के दरबार में गरबों की धमचक
भास्कर न्यूज | बालोतरा/रमणिया
नवरात्रपर्व के दूसरे दिन भी देवी मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। निकटवर्ती भांडियावास स्थित करणी माता मंदिर में दर्शनार्थ दूसरे दिन भी आस-पास के गांवों से पैदल संघ पहुंचे। समदड़ी रोड स्थित जगदंबा मंदिर में भी श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना में लगे हैं। नवरात्र को लेकर देवी मंदिरों में कहीं दुर्गा सप्तशती के पाठ हो रहे हैं तो कहीं हवन-यज्ञ। वहीं दिनभर देवी के भजनों- की स्वर लहरियां फिजा में गूंजती सुनाई देती है।
समदड़ी स्थित ललेची माता मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। वहीं समदड़ी के झूंपा मठ हिंगलाज मंदिर में भी शाम को रोजाना प्रवचनों का आयोजन हो रहा है। इधर, रमणिया पोस्ट आफिस के पास स्थित हनुमानजी के मंदिर परिसर में जीएम ग्रुप के तत्वावधान में नवदुर्गा गरबा मंडल की ओर से शारदीय नवरात्रि पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव में गरबा मंडल के सदस्यों की ओर से रंग- बिरंगी पोशाकों में गणपति, शिवशंकर, नवदुर्गा सहित नौ देवियों, राम-लक्ष्मण-सीता, हनुमानजी काला गौरा भैरू का स्वांग रचकर गरबों का प्रदर्शन किया।
इसमें राजस्थानी एवं गुजराती गरबों के गीतों पर गरबा नृत्य प्रस्तुत किए गए। साथ ही मास्टर विक्रम ने एकल नृत्य से भक्तों का मनमोहा।
बालोतरा. समदड़ी रोड स्थित जगदंबा मंदिर में आरती करते श्रद्धालु तथा रमणिया में गरबा नृत्य करते श्रद्धालु।