नाकोड़ा जैन तीर्थ का स्थापना दिवस 20 को
जैनश्वेतांबर नाकोड़ा पार्श्व नाथ तीर्थ का स्थापना दिवस 20 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष अमृतलाल जैन ने बताया कि स्थापना दिवस को लेकर सवेरे 7 बजे रथ यात्रा जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस धर्मनाथजी मंदिर बालोतरा से रवाना होकर गौर का चौक, संभवनाथ चौक, केशरियानाथजी मंदिर, भैरू बाजार, महावीर चौक, छतरियों का मोर्चा से जसोल होते हुए दोपहर 12.30 बजे नाकोड़ा तीर्थ पहुंचेगा। इस प्रसंग पर राष्ट्रसंत डॉ. वसंत विजय महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा एवं मांगलिक श्रवण का लाभ प्राप्त होगा। भैरव रथ यात्रा का आयोजन भव्य तरीके से किया जा रहा है। इसमें वरघोड़ा एवं रथ यात्रा में हाथी, घोड़े, बैंड, ढोलक के साथ विभिन्न प्रकार की झांकियों एवं भजन मंडलियों के साथ रथ पर परमात्मा पार्श्व नाथ एवं नाकोड़ा भैरव की मूर्तियां विराजमान होगी। इस रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शरीक होंगे। जुलूस के नाकोड़ा पहुंचने पर महाभिषेक का कार्यक्रम भी संपूर्ण विधि विधान से संपन्न होगा।
इस संपूर्ण कार्यक्रम के लाभार्थी जसवंत राज लूणिया मथानिया हाल अमरावती है। इसके अतिरिक्त दोपहर को ही समोवशरण मंदिर की प्रथम वर्षगांठ प्रसंग पर ध्वजा चढ़ाई जाएगी, जिसका लाभ पदम कुमार जवेरीलाल सालेचा, अल्का पदम कुमार सालेचा सवीना इंटरनेशनल प्रा. लिमिटेड सिंगापुर द्वारा लिया गया है। इसके बाद रात्री को भक्ति संध्या का आयोजन होगा।