पटवारी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे
पटवारीपरीक्षा के दौरान राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड के निर्देश की पालना की जाए। अधिकारी एवं कर्मचारी उनको सौंपे गए उत्तरदायित्व का जिम्मेदारी से पालना करें।
इसमें लापरवाही करने पर कार्रवाई होगी। यह बात भगवान महावीर टाउन हॉल में मंगलवार को आयोजित पटवारी परीक्षा प्रशिक्षण में कलेक्टर सुधीर शर्मा ने कही। शर्मा ने कहा कि पटवारी परीक्षा महत्वपूर्ण कार्य है। परीक्षा में 33 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके लिए 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। केन्द्राधीक्षक एवं अन्य कार्मिक गंभीरता से परीक्षा आयोजन करवाएं। प्रशिक्षण के दौरान एडीएम ओ.पी.विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप परीक्षा आयोजन के लिए कर्मचारी बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी करें। पटवारी परीक्षा 13 फरवरी को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच होगी। इसके लिए बाड़मेर में 73 एवं बालोतरा में 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बाड़मेर में 15 तथा बालोतरा में 11 उप समन्वयक एवं क्रमशः 15 तथा 11 फ्लाइंग स्कवायर्ड बनाए गए हैं। जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष 02982-22007 तथा बालोतरा में 02988-220005 स्थापित किया गया है।
परीक्षार्थियों को दोपहर 12 बजे से पूर्व परीक्षा केन्द्र में प्रवेश लेना होगा। प्रशिक्षण के दौरान डीईओ माध्यमिक गोरधनलाल सुथार एवं डीईईओ कैलाशचंद तिवाड़ी ने पटवारी परीक्षा के आयोजन की जानकारी दी। डा.लक्ष्मीनारायण जोशी ने परीक्षा आयोजन के निर्देश, नियम, पेपर एवं ओएमआर वितरण, अनुपस्थित अभ्यर्थी संबंधित विवरण दर्ज करने, परीक्षा समाप्ति के बाद सूचनाएं संकलित कर निर्धारित प्रारूप में भेजने की जानकारी दी।
परीक्षा में नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। केन्द्राधीक्षक को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। ब्यू ट्रूथ की आशंका के चलते कान पर मफलर या स्कार्फ लगाने वाले, चश्मा पहनने वाले, कान पर हाथ रखकर पेपर हल करने वाले, अकेले ही बातचीत करने वालों और बाथरूम में दो मिनट से अधिक समय लगाने वालों पर नजर रहेगी। परीक्षा के दौरान बाथरूम जाने वाले हर परीक्षार्थी का रिकॉर्ड भी बोर्ड में भेजा जाएगा। अवांछित सामग्री को रोकने के लिए केंद्र में जूते, मौजे आदि की भी तलाशी ली जाएगी। पर्यवेक्षक, सहायक केंद्राधीक्षक एवं कम से कम दो वीक्षकों की मौजूदगी में परीक्षा सामग्री खोली जाएगी जिसकी वीडियोग्राफी होगी। प्रश्न पत्र रखने के लिए निर्धारित कक्षों में फोटो कॉपियर, स्केनर, फैक्स मशीन आदि उपकरण नहीं रखे जा सकेंगे।
परीक्षा से पहले बदला जा सकेगा कटा फटा पेपर
परीक्षामें प्रश्न पत्र पुस्तिका और ओएमआर उत्तर पुस्तिका का कोई भाग कटा-फटा हुआ, पृष्ठ कम होने या पूर्ण रूप से मुद्रित होने की दिशा में परीक्षा शुरू होने से पहले ही बदला जा सकता है। ऐसा होने पर वीक्षक उसी सीरिज का प्रश्न पत्र और ओएमआर उत्तर सीट दोनों को सील्ड लिफाफे से बदलकर देगा। इसके लिए परीक्षार्थी को पहले की पेपर की जांच करनी होगी।
उपस्थिति पत्र पर चस्पा करना होगा रंगीन फोटो
परीक्षार्थीकी पुलिस आंतरिक सतर्कता दल तलाशी लेगा। प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र, स्वयं का रंगीन फोटो, फोटोयुक्त आईडी दिखाने होंगे। फोटोयुक्त पहचान पत्र के रूप में चुनाव पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, पासपोर्ट आदि में से कोई एक दस्तावेज पेश करना होगा। परीक्षा केंद्र में बैग, पर्स, कागज, किताब, पर्ची, पानी की बोतल, मोबाइल, पेजर, सेल्युलर, ब्लू ट्रूथ, घड़ी आदि इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण नहीं ले जाए जा सकेंगे। फर्श पर बैठक व्यवस्था होने की स्थिति में गत्ता या क्लिप बोर्ड ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
पारदर्शी पेन लाना होगा
पटवारीसीधी भर्ती परीक्षा-2015 में प्रश्न पत्र हल करने के लिए परीक्षार्थी को पारदर्शी नीला पेन लेकर जाना होगा। अन्य किसी प्रकार के पेन लाने की अनुमति नहीं होगी। पारदर्शी पेन का मतलब ऐसे पेन से है, जिसकी बॉडी पारदर्शी हो और अंदर लगा रीफिल साफ नजर आता है। इसका उद्देश्य पेन के माध्यम से ब्लू ट्रूथ जैसे उपकरण को रोकना है।
निर्धारित समय पर बंद होगा परीक्षा केंद्र का गेट
परीक्षाशुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र खोले जाएंगे। निर्धारित समय से 20 मिनट पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने के साथ ही केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे बाद तक और समापन से आधा घंटे पहले तक बाहर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षा पूर्ण होने से पांच मिनट पहले कक्ष बंद हो जाएगा।
परीक्षा आयोजन को लेकर हर कक्ष में दो वीक्षक लगाए जाएंगे। वीक्षकों की नियुक्ति में 20 प्रतिशत महिलाओं को लेना अनिवार्य होगा। सरकारी संस्थाओं में वीक्षक वहीं के स्टाफ को लगाया जाएगा। निजी संस्था होने की दशा में कम से कम एक वीक्षक सरकारी होगा। ऐसे केंद्र पर उस कर्मचारी को वीक्षक नियुक्त नहीं किया जाएगा जिसका कोई रिश्तेदार परीक्षा देगा।
दृष्टि बाधित परीक्षार्थी को एक घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा। उनके लिए अलग कमरे की व्यवस्था की जाएगी। मांग करने पर श्रुतलेखक की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए परीक्षार्थी को कम से कम तीन दिन पहले श्रुतलेखक की सुविधा के लिए केंद्राधीक्षक को वांछित दस्तावेजों के साथ आवेदन लगाना होगा।