- Hindi News
- महाशिवरात्रि पर बिठूजा में 35 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अभिषेक
महाशिवरात्रि पर बिठूजा में 35 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अभिषेक
महाशिवरात्रिको लेकर शिवभक्तों ने तैयारियां शुरू कर दी है। पचपदरा रोड पर स्थित आकड़ेश्वर महादेव मंदिर पर 17 फरवरी को धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
भक्त भाखरराम पटेल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर परिसर में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग पर भक्त-भाविकों की ओर से बिल्व पत्र अर्पित कर भोलेनाथ की आरती की जाएगी। वहीं रात्रि में महंत शंकरपुरी महाराज के रुद्रीपाठ में द्वादश ज्योतिर्लिंग पर भांग से अभिषेक किया जाएगा तथा दिन में शिव चालीसा का सामूहिक पाठ होगा।
इसके बाद रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह, शहर के सिताणियों के धोरे पर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में महा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में मेले का आयोजन होगा। पुजारी तनसुखदास वैष्णव ने बताया कि इस दौरान सवेरे 101 दीपक से शिव परिवार की सांगोपांग पूजा कर आरती की जाएगी। रात को वेदपाठी ब्राह्मणों के रुद्रीपाठ के समवेत स्वरों में भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन होगा।
21 किलो दूध से होगा अभिषेक
शहर के निकट बिठूजाधाम परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भक्त राजेंद्र डागा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर बिठूजाधाम परिसर में स्थित 35 फीट ऊंची भगवान शिव तथा नंदेश्वर की आदमकद प्रतिमा का महाशिवरात्रि पर 21 किलो गाय के कच्चे दूध जल से रुद्रीपाठ के उच्च स्वरों के साथ अभिषेक किया जाएगा। बिठूजा के पीपलेश्वर महादेव मंदिर में रात्रि के चार प्रहर में अलग-अलग प्रकार से पूजा-अर्चना कर रुद्राभिषेक किया जाएगा। शिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों रोशनी से सजाया गया है। भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।