बांदीकुई। बांदीकुई पंचायत समिति में उप प्रधान पद को लेकर रविवार को हुए चुनाव में भाजपा की रेखा मीणा उप प्रधान चुनी गई। मीणा ने एक वोट से जीत दर्ज की।
पंचायत समिति में उप प्रधान पद को लेकर हुए चुनाव में कांग्रेस ने संतरा सैनी भाजपा ने रेखा मीणा को अपना प्रत्याशी बनाया। सुबह निर्धारित समय पर दोनों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। दोपहर 3 बजे से शुरु हुई वोटिंग में सभी सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें भाजपा की रेखा मीणा को 14 वोट तथा कांग्रेस की संतरा सैनी को 13 वोट मिले।
भाजपा की रेखा मीणा को एक वोट से विजयी घोषित किया गया। एसडीएम दयानंद शर्मा ने उपप्रधान निर्वाचित हुई मीणा को शपथ दिलाई। उपप्रधान चुनी रेखा मीणा ने शनिवार को बांदीकुई पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए चुनाव में भी भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल किया था, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी को 14 तथा उन्हें 13 वोट मिलने से वे एक वोट से चुनाव हार गई थी। भाजपा ने रेखा मीणा को ही उपप्रधान पद का भी प्रत्याशी बनाया। जिसमें उन्होंने 14 वोट प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी को एक वोट से हरा दिया।
कांग्रेस में हुई क्राॅस वोटिंग
27सदस्यों वाली पंचायत समिति बांदीकुई में कांग्रेस की ओर से 14 सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं तथा भाजपा के 8 ही सदस्य चुनाव जीते हैं। पांच वार्डों पर निर्दलीयों का कब्जा रहा है। उपप्रधान के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस की ओर से क्राॅस वोटिंग हुई। इसका परिणाम रहा कि 14 सदस्य होने के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी संतरा सैनी को मात्र 13 ही वोट मिले।