पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दो पॉजिटिव मरीज और मिले अस्पतालों में जांच की कतारें

दो पॉजिटिव मरीज और मिले अस्पतालों में जांच की कतारें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दौसा। जिले में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के दो और मरीज मिले हैं। अब तक मरीजों की संख्या 19 हो गई है। इनमें एक बालक सहित तीन जनों की मौत हो चुकी है। स्वाइन फ्लू के प्रकोप के चलते जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। स्वाइन फ्लू की जांच के लिए खांसी, जुकाम, बुखार के मरीज रहे हैं।
मरीजों की भीड़ को देखते हुए अस्पताल में इंतजामों की पोल खुल गई। कभी वार्ड में तो कभी आउटडोर में डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं। मरीज डॉक्टरों के इंतजार में घंटों लाइन में लगे रहते हैं। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल लेकर जयपुर भेजे जा रहे हैं, वहीं आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है।
पुष्टि के बाद रामपुरा में घर-घर सर्वे

बांदीकुई| रामपुरा गूजरान गांव में एक गर्भवती महिला की जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद विभाग ने गांव में मेडिकल टीम भेजकर घरों का सर्वे कराया तथा परिवार के 12 लोगों को टेमी फ्लू की दवा दी। बांदीकुई में स्वाइन फ्लू का यह दूसरा मरीज पाया गया है।

गांव की अनिता देवी गुर्जर के बुखार की शिकायत होने पर उसे 4 फरवरी को बांदीकुई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर में उपचार के दौरान मरीज की दो बार जांच की गई। जहां 9 फरवरी को आई रिपोर्ट में उसके स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। मरीज का जयपुर में उपचार चल रहा है।
बीसीएमएचओ डॉ. आर.पी. मीणा ने बताया कि स्वाइन फ्लू की जानकारी मिलने के बाद उनके नेतृत्व में डॉ. मनीष खंडेलवाल की टीम ने गांव में 40 घरों का सर्वे किया तथा जुकाम के 15 मरीजों का उपचार किया। इसी प्रकार परिवार के संपर्क वाले 12 लोगों को टेमी फ्लू की दवा दी गई। गौरतलब है कि इससे पहले शहर के पंचायत समिति के पीछे रहने वाली एक महिला के स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
लालसोट। मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के कारण सीएचसी अस्पताल सहित उपखंड के सभी अस्पतालों में आउट डोर बढ़ गया है। क्षेत्र में वायरल का प्रकोप के अलावा दो मरीज स्वाइन फ्लू के पाए गए हैं, जि‍न्हें जयपुर रेफर किया गया है। उपखंड मुख्यालय पर सीएचसी अस्पताल का आउट डोर बढ़ कर 800 पर पहुंच गया है।
मारीजों को लंबी कतारों में लग कर अपनी बारी का इंतजार करने की मजबूरी बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ स्वाइन फ्लू के दो मामले पकड़े हैं। बीसीएमएचओ डॉ. नवल गुप्ता ने बताया कि लालसोट में एक राहूवास में एक प्रकरण स्वाइन फ्लू से प्रभावित पाया गया है। लालसोट में हेमलता तथा राहूवास में गीता शर्मा को स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाया गया है, जिन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
मामले को लेकर चिकित्सा प्रशासन सतर्क है तथा प्रभावित क्षेत्र में सर्वे करा कर फ्लू रोधी दवाएं दी गई है। प्रशासन ने सर्वे अभियान छेड़ा हुआ है। इधर डॉ. एच.एन. मीना ने कहा कि बुखार जुकाम के प्रकरण ज्यादा है। वायरल का प्रकोप है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क रह कर काम कर रहा है।

खेड़ला गदाली में सनसनी

महवा| ग्रामखेड़ला गदाली निवासी एक महिला को स्वाइन फ्लू होने की खबर से समूचे गांव में सनसनी फैल गई। रेखा पत्नी विनोद योगी को बुखार होने पर उसे स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां हालात सामान्य नहीं होने के चलते चिकित्सकों ने महिला को जयपुर रेफर कर दिया। जहां जयपुर अस्पताल में की गई जांच में महिला को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आया।
मामले को लेकर ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. पीआर मीना सहित चिकित्सा विभाग टीम ने खेड़ला गदाली पहुंचकर गांव का सर्वे किया। ग्रामीणों को स्वाइन फ्लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी।