( धरने पर बैठे लोगों को समझाते डिप्टी एसपी।
बांदीकुई ग्रामीण। बसवा रेलवे स्टेशन पर पूजा आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर लंबे समय चली रही मांग को पूरा नहीं होने पर गुस्साए लोगों का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कस्बे के बाजार बंद रखकर रैली निकाली तथा धरने पर बैठ गए। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा रेल मंत्री सहित अन्य अधिकारियों के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम को लेकर सुबह 9 बजे रेलवे संघर्ष समिति के पदाधिकारी कस्बे के कल्याणजी मंदिर पर एकत्रित होकर रैली के रुप में रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राणा सर्किल पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने यहां एक सभा आयोजित की। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि कस्बे में पूजा आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है। कई बार रेल मंत्री, जीएम डीआरएम सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देने के बाद भी आज तक मांग पूरी नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब 1200 से अधिक रेल यात्री जयपुर, अलवर , दौसा, बांदीकुई, रेवाड़ी की ओर यात्रा करते है। इससे रेलवे को करीब 20 हजार रुपए की प्रतिदिन आय होती है। इसके बाद भी रेलवे स्टेशन पर सिर्फ पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है। इससे यहां के लोगों को अन्य ट्रेनो में जाने के लिए 15 किलोमीटर दूर बांदीकुई स्टेशन पर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेलवे की आय सहित यात्रियों की समस्याओं से रेल अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी दोनों ट्रेनों का ठहराव नहीं किया। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा तपती धूप में राणा सांगा सर्किल पर धरने पर बैठ गए।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं बसवा सरपंच छोटेलाल ईंटोड़ा, करनावर सरपंच लक्ष्मीनारायण अगावली, जिला परिषद सदस्य इंद्रा सैनी, पंचायत समिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, पूर्व सरपंच रामकरण सैनी, तेजाराम मीणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्यामसुंदर व्यास, उपसरपंच फूलचंद गुप्ता, विष्णु अटोलिया, किसान नेता रामधन मीणा, झांझीरामपुरा सरपंच पति विजयसिंह मीणा सहित अन्य ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल मंत्री सहित रेल अधिकारियों के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।