(दौसा. स्वच्छ भारत अभियान के शुभारंभ पर गुरुवार को झाडू लगाते सांसद हरिशचंद मीना, कलेक्टर अन्य लोग।)
दौसा। सांसद हरीश चंद्र मीणा ने कहा कि स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में आमजन अपनी सहभागिता निभाएं, ताकि निरोगी एवं स्वच्छ समाज का निर्माण हो सके।
गुरुवार को नगर परिषद द्वारा आयोजित स्वच्छ भारत सप्ताह के शुभारंभ पर वार्ड नं. 28 वाल्मीकि एवं बैरवा बस्ती में सांसद ने कहा कि स्वच्छ समाज के लिए सभी को आगे आना चाहिए। इस दौरान सांसद हरीशचंद्र मीणा, कलेक्टर मुक्तानंद अग्रवाल, सभापति राजकुमार जायसवाल आदि ने झाडू लगाकर स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान का आगाज किया।
सांसद ने कहा कि सफाई के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना, स्वच्छ समाज का निर्माण कर निरोगी रहने का संदेश देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टर मुक्तानंद अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता से पर्यावरण प्रदूषण दूर होगा। नगर परिषद के सभापति राजकुमार जायसवाल ने कहा कि परिषद की ओर से सप्ताह के दौरान 2 अक्टूबर तक सभी वार्डों प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई का कार्य कराया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम नाथूसिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त मोहनचंद बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम शर्मा, बाबूलाल शर्मा, शहर अध्यक्ष महेंद्र तिवाड़ी, जिला प्रवक्ता दीपक जोशी, पार्षद पप्पू बंशीवाल, विनोद सामरिया, प्रहलाद महेश्वरा, इकराम खान, अजय जोशी, राजेश शर्मा, रमेश वैद आदि मौजूद थे।
ये होगा अभियान में : स्वच्छ भारत सप्ताह के तहत सड़कों, नालियों, पार्क, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक शौचालय, मूत्रालयों की सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों कालेजों में भी साफ-सफाई होगी।
कार्यक्रम जारी : नगरपरिषद के आयुक्त मोहनचंद बंसल ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान का कार्यक्रम जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को समस्त पार्कों की सफाई कराई जाएगी। 27 को ओवरब्रिज, रोड डिवाइडर, आगरा रोड, लालसोट रोड, 28 को समस्त सार्वजनिक शौचालय, 29 को सब्जी मंडी, लालसोट रोड, पुराना शहर की सब्जी मंडी, 30 को जिला चिकित्सालय परिसर, 1 अक्टूबर को नया कटला, मानगंज , क्रय-विक्रय रोड, खादी भंडार रोड एवं 2 अक्टूबर को गांधी सर्किल से रेलवे स्टेशन एवं सुंदर दास मार्ग आदि क्षेत्र की सफाई एवं कचरा आदि उठाने का कार्य किया जाएगा।
विधायक शंकर शर्मा बीमार : दौसा| विधायकशंकर शर्मा बीमार हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर एस.एस.यादव ने बताया कि शर्मा के बाएं गुर्दे में पथरी है। इसलिए दवा के बाद उन्हेंं आराम की सलाह दी गई है। विधायक ने बताया कि पथरी की वजह से असहनीय पीड़ा हो रही है। इसलिए स्वच्छ भारत सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में भी भाग नहीं ले सका।
स्वच्छभारत-स्वच्छ विद्यालय रैली
दौसा|'स्वच्छभारत-स्वच्छ विद्यालय' रैली शुक्रवार को निकाली जाएगी। इसमें सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी अनिवार्य रूप से भाग लेंगे। रैली सुबह 10:15 बजे आनंद शर्मा राबाउमावि से शुरू होगी, जो नेहरू गार्डन, रामकरण जोशी राउमावि से गांधी तिराहा होते हुए वापस आनंद शर्मा स्कूल पहुंची। रैली का आयोजन स्वच्छता अभियान के अंतर्गत किया जाएगा। सतर्कतासमिति की बैठक (दौसा) : कलेक्टरमुक्तानंद अग्रवाल की अध्यक्षता में 26 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में होगी।