बांदीकुई। दिल्ली में भीड़भाड़ वाले इलाके से बाइक चोरी करना। पुलिस नाकाबंदी से पहले ही बाइक चलाकर बांदीकुई ले आना और पांच हजार में उन्हें बेच देना। बांदीकुई पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चोरी करने वाले ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जिसके सभी पांचों सदस्य नाबालिग हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 5 बाइक, कंप्यूटर और ट्रांसफॉर्मर के उपकरण बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी सीएल मीणा ने बताया कि गुरुवार रात मुकरपुरा चौराहे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान जीप सवार पांच नाबालिग संदिग्ध नजर आए। उन्हें रोककर पूछताछ की तो संतोषप्रद जबाव नहीं दिया। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की तो नाबालिगों के तार बाइक चोर गिरोह से जुड़ते नजर आए। पूछताछ में एक के बाद एक छह बाइक चोरी का खुलासा हुआ। स्कूल में कंप्यूटर चोरी और ट्रांसफॉर्मर के उपकरण चुराने का भी राज खुला।
डिप्टी एसपी प्रकाशचंद के निर्देश पर बांदीकुई थाना प्रभारी सीएल मीणा, बसवा थाना प्रभारी दिलीप सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर पांच बाइक, कंप्यूटर और ट्रांसफॉर्मर के उपकरण बरामद किए। पकड़े गए पांचों नाबालिग बसवा तहसील के लीलोज का गोला, भट्टपुरा टोडी गांव के हैं। पकड़े गए आरोपियों में टोडी निवासी दो सगे भाई भी हैं।
हर रविवार को हाट बाजार में ढूंढते थे शिकार : पुलिस ने बताया कि आरोपी दिल्ली में ककरोली पुलिस चौकी क्षेत्र में हर रविवार को लगने वाले हाट बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों की बाइक चुराकर ले आते थे। इससे पहले कि बाइक चोरी का पता चलता और पुलिस नाकाबंदी कराती, ये चुराई गई बाइक करीब ढाई से तीन घंटे में बांदीकुई ले आते। आरोपियों ने बांदीकुई में भी तीन बाइक चुराना कबूल किया है। आरोपियों ने राजकीय स्कूल कीरतपुरा से कंप्यूटर एक ट्रांसफार्मर चोरी किया था।
50 हजार की बाइक बेचते थे 5 हजार में : नाबालिगों से चोरी की बाइक खरीदने वालों की भी तलाश शुरू हो गई है। पुलिस पकड़े गए नाबालिगों के जरिए अब उन लोगों तक पहुंचने की तैयारी में है, जो चोरी का माल खरीदते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दिल्ली से चुराई गई मोटर साइकिलें बांदीकुई आसपास के इलाकों में 5 5 हजार रुपए में बेचते थे। पुलिस अब खरीदारों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा रही है। आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना है।