पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बांदीकुई में कांग्रेस की सीमा प्रधान

बांदीकुई में कांग्रेस की सीमा प्रधान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बांदीकुई। पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर शनिवार को हुए चुनाव में कांग्रेस की सीमा मीणा ने एक वोट से जीत दर्ज की। शाम को परिणाम आने के साथ ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

यहां 27 सदस्यों वाली पंचायत समिति में कांग्रेस को 14, भाजपा को 8 निर्दलीयों को 5 सीटें मिली थी। इससे यहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिल गया था। शनिवार को प्रधान पद को लेकर हुए चुनाव में कांग्रेस ने सीमा मीणा तथा भाजपा ने रेखा मीणा को उम्मीदवार बनाया। दोपहर 3 बजे से शुरु हुई वोटिंग में सभी 27 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस की सीमा मीणा को 14 भाजपा की रेखा मीणा को 13 वोट मिले। सीमा मीणा ने एक वोट से जीत दर्ज की।

एक साथ आए सदस्य

प्रधानपद के चुनाव को लेकर वोट देने के लिए पहले भाजपा तथा फिर कांग्रेस के सदस्य एक साथ आए।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान को लेकर कोई अशांति नहीं हो इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। शहर के बसवा रोड पर अंबेडकर सर्किल राजकीय पशु अस्पताल के सामने बेरिकेड्स लगाकर मार्ग को बंद कर दिया। दिनभर बांदीकुई, बसवा, कोलवा पुलिस लाइन से आए जवान यहां तैनात रहे। इस दौरान पुलिस ने सड़क पर लोगों को एकत्र नहीं होने दिया। कई बार पुलिस भीड़ को हटाती नजर आई। भीड़ को हटाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

आज चुनेंगे उपप्रधान

रविवार को पंचायत समिति उप प्रधान का चुनाव होगा। इसके लिए दोनों पार्टियों ने तैयारी शुरु कर दी।

सिकराय में कांग्रेस की बादाम सैनी बनी प्रधान

सिकराय | पंचायत समिति सिकराय के प्रधान पद के लिए शनिवार को हुए चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी बादाम सैनी प्रधान चुनी गई। लगातार तीसरी बार कांग्रेस का प्रधान बनने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं चुनावों को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इस दौरान पंचायत समिति की किलेबंदी कर दी गई।
जिससे कार्यालय छावनी बन गया। सुबह 10 बजे से चुनाव को लेकर पंचायत समिति सभागार में शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में कांग्रेस से घोषित प्रत्याशी बादाम सैनी भाजपा से केशंतादेवी ने नामांकन दाखिल किया। दोपहर तीन बजे से शुरू हुए मतदान के दौरान पंस सदस्य मतदाताओं को पुलिसकर्मियों ने जांच के बाद ही अंदर प्रवेश करने दिया।
शाम 4 बजे मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी बादाम सैनी को 11 मतों से विजयी घोषित किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी को 18 भाजपा प्रत्याशी को सात मत प्राप्त हुए।
नवनिर्वाचित प्रधान बादाम सैनी को सहायक निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने प्रमाण-पत्र देकर शपथ दिलाई। इस दौरान तहसीलदार मूलसिंह राजावत, डिप्टी एसपी पूनमचंद विश्नोई सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद थे।

प्रधानपद पर तीसरी बार भी कांग्रेस ने बाजी मारी

पंचायतसमिति सिकराय में लगातार तीसरी बार कांग्रेस का प्रधान बना है। वर्ष 2005 में साबोदेवी मीणा 2010 में किशनप्यारी मीणा कांग्रेस की प्रधान निर्वाचित हुई थी। सहायक निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने बताया कि रविवार को उपप्रधान चुनाव होंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे से नामांकन, दोपहर तीन बजे से मतदान होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी।