बांदीकुई। अंकतालिका टीसी फर्जी पाई गई तो सरपंच की कुर्सी छीन ली जाएगी। एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। सरपंचों की शैक्षणिक योग्यता की जांच कराई जाएगी। इसमें फर्जीवाड़ा सामने आता है तो संबंधित सरपंच को अयोग्य घोषित किया जाएगा। उसके स्थान पर दूसरे स्थान (निकटतम प्रतिद्वंद्वी) पर रहे प्रत्याशी को सरपंच बनाया जाएगा।
पंचायतीराज आयुक्त एवं शासन सचिव राजेश यादव ने बताया कि सरपंचों की शैक्षणिक योग्यता की जांच के सिलसिले में सभी कलेक्टरों को आदेश दे दिए गए हैं। आयुक्त राजेश यादव गुरुवार को जिला परिषद आए, जहां अधिकारियों की बैठक ली।
इसमें पांचों बीडीओ भी थे। सीईओ के दफ्तर में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए आयुक्त यादव ने कहा कि सरपंचों की शैक्षणिक योग्यता में फर्जीवाड़े की शिकायत मिल रही हैं। इसमें सबसे ज्यादा शिकायत आठवीं पास के मामलों में है। इसके मद्देनजर जांच कराई जा रही है। फर्जीवाड़ा होने पर संबंधित सरपंच को अयोग्य घोषित किया जाएगा।
दोपहर करीब 2 बजे पहुंचे आयुक्त राजेश यादव ने सबसे पहले जिला परिषद में सीईओ कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। इसमें बारी-बारी से एक-एक अधिकारियों से योजना की जानकारी ली।
आयुक्त से की फर्जीवाड़े की शिकायत : बांदीकुई के करनावर के सोहन लाल मीणा ने आयुक्त को ज्ञापन दिया। इसमें तथ्यों के साथ आरोप लगाया कि करनावर सरपंच चुनी गई लड्डाे देवी मीणा के शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज फर्जी हैं। लड्डो देवी मीणा ने जिस स्कूल से आठवीं पास की अंकतालिका प्रस्तुत की, जो फर्जी है। सोहन लाल मीणा ने बताया कि इस विद्यालय को मान्यता वर्ष 2001 में मिली, जबकि लड्डो बाई मीणा की आठवीं की अंकतालिका वर्ष 1987-88 की है।
खुले में शौच से मुक्त होगा बालाहेड़ी गांव
आयुक्त ने बताया कि बालाहेडी गांव को खुले में शौच से मुक्त गांव बनाने का लक्ष्य है। जिले में 1 लाख शौचालय की स्वीकृति जारी की है।
सरपंचों को दी जाएगी ट्रेनिंग
आयुक्त ने बताया कि नवनिर्वाचित सरपंचों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें प्रत्येक ब्लॉक में आधा दिन की ट्रेनिंग का कार्यक्रम बनाया गया है।