- Hindi News
- बांदीकुई में 11 साल बाद फुटबॉल टूर्नामेंट 26 से
बांदीकुई में 11 साल बाद फुटबॉल टूर्नामेंट 26 से
बांदीकुई | खेलनगरी के नाम से जाने वाले बांदीकुई शहर में 11 साल बाद फिर लोगों को फुटबाल टूर्नामेंट देखने को मिलेगा। इस बार सर्दियों की छुट्टियो में 26 से 30 दिसंबर तक यह टूर्नामेंट होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
शहर में वर्ष 2002 तक फुटबॉल का दिसंबर माह में सर्दियों की छुट्टियों में आयोजन होता था। इससे लोगों का भरपूर मनोरंजन होता था, साथ ही पूरे प्रदेशभर से आने वाली टीमों के खेलने का नजारा देखने को मिलता था, लेकिन इसके बाद यह टूर्नामेंट बंद हो गया। इस बार न्यू राज एक्स फुटबाल क्लब इस टूर्नामेंट को 11 साल बाद फिर चालू करने जा रहा है।
क्लब ने इसके लिए 26 से 30 दिसंबर तक की तारीख भी निश्चित कर दी है। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले की अपेक्षा इस बार टूर्नामेंट को और भी आकर्षक बनाया जाएगा। इसके लिए यहां बीएन जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान की साफ सफाई भी शुरु कर दी है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट से पहले मैदान के चारों ओर रंग रोगन सहित अन्य कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अलवर, जोधपुर, जयपुर आरएसी, जयपुर, अलवर, दौसा, अजमेर बांदीकुई की फुटबाल की टीमें भाग लेगी।
बांदीकुई. राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर मैदान की सफाई में जुटे कर्मचारी।