बेटिकट यात्रियों से वसूला जुर्माना
कार्यालय संवाददाता | बांदीकुई
रेल प्रशासन द्वारा इन दिनों ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा हैं। इससे हडकंप मचा हुआ हैं। शनिवार को सुबह से ही बांदीकुई जंक्शन पर जयपुर से आए टीटीई के दल ने कई यात्री ट्रेनों पर बिना टिकट यात्रा करने वालों की धरपकड़ की। दल को देख कई बिना टिकट यात्री भागते नजर आए।
जयपुर से आए दल ने यहां सुबह से ही बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरु कर दिया। इस दौरान सुबह रानीखेत एक्सप्रेस, वाराणासी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस, न्यू भुज-बरेली एक्सप्रेस, जयपुर-अलवर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के यहां पहुंचने पर टीटीई ने ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों से टिकट चैक किए।
कई यात्री तो दूर से दल को देख पटरियां कूदकर भागते नजर आए। दल ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहींआए। जो दल के हाथ लग गए उनके द्वारा टिकट नहीं दिखाने पर जुर्माना वसूला। अजमेर-न्यूजलपाई गुड़ी एक्सप्रेस ट्रेन को यहां क्रांसिग के चक्कर में रोकने पर दल ने उसमें भी बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
किसीने जोड़े हाथ तो किसी ने पकड़े पैर
दिनभरबांदीकुई जंक्शन पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ चले अभियान के दौरान दर्जनों लोगों को बिना टिकट यात्रा करने पर दल ने पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने पैसे नहीं होने की बात कहकर टीटीई के पैर पकड़े तो किसी ने हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार की, लेकिन टीटीई ने किसी को भी बिना जुर्माना वसूल किए नहीं छोड़ा। कई बार आरपीएफ को बुलाकर कार्रवाई की गई।