बांदीकुई ग्रामीण. रेल प्रशासन ने बसवा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार से रेलवे की बुकिंग सेवा को बंद कर दिया। अब यहां प्राइवेट बुकिंग से यात्रियों को टिकट लेने पडेंगे।
बसवा रेलवे स्टेशन पर सुबह शाम के समय बुकिंग बाबू टिकट बांटता था, लेकिन दिन के समय आने वाली यात्री ट्रेनों के टिकट स्टेशन मास्टर को बांटने पडते थे। इससे कई बार ट्रेनों के आगमन के दौरान परेशानी का सामना करना पडता था।
यही नहीं एक ही टिकट बाबू होने से कई बार उसके छुट्टी पर चले जाने से स्टेशन मास्टर को सभी ट्रेनों पर टिकट बांटने पडते थे। टिकट बांटने के दौरान कई बार ट्रेनों का संचालन करने से यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। रेल प्रशासन ने गुरुवार से यहां रेलवे बुकिंग सिस्टम को बंद कर दिया तथा प्राइवेट बुकिंग सेवा शुरु कर दी।
स्टेशन मास्टर मुकुटबिहारी मीणा ने बताया कि स्टेशन बुकिंग टिकट सेवक के नाम से संचालित होने वाली इस सेवा में टिकट बांटने के लिए तैनात किया प्राइवेट व्यक्ति ट्रेन आने से एक घंटा पहले स्टेशन आएगा और टिकट बांटेगा।