बांदीकुई। बसवा पुलिस द्वारा रीट परीक्षा का गैस पेपर वाट्स एप पर भेजने के मामले में की जा रही धरपकड़ में मंगलवार को पुलिस ने इस मामले से जुड़े चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल कार भी जब्त की है।
बसवा थाना प्रभारी निरंजनपाल सिंह ने बताया कि रविवार को आयोजित हुई रीट परीक्षा को लेकर एक युवक बसवा में वाट्स एप पर गैस पेपर भेज रहा था। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उसके अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में लालसिंह निवासी गढ़ी उदा आगरा, सोनू उर्फ धर्मेंद्र कायस्त निवासी खेरिया मोड आगरा, अजय सिंह जाट निवासी अलवर गजेंद्र सिंह कुशवाह निवासी देवरी रोड आगरा को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी रीट परीक्षा का गैस पेपर वाट्स एप पर भेज रहे थे।
जेलप्रहरी वनरक्षक परीक्षा का पेपर भी भेज चुके वाट्स एप पर : थानाप्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रीट परीक्षा से पहले जेल प्रहरी वन रक्षक परीक्षा का पेपर भी वाट्स एप पर भेज चुके है, लेकिन आरोपियों द्वारा इन पेपरों को वाट्स एप से डिलीट कर दिया है। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।