बेटिकट 260 यात्रियों को पकड़ा
दौसा| दौसाबिना टिकट यात्रा के मामले में कुख्यात और विख्यात है। जीएम से लेकर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों तक सूचना है कि दौसा में सबसे ज्यादा लोग बिना टिकट यात्रा करते हैं। ऐसे में रेलवे का 15-20 दिन से पूरा फोक्स दौसा पर है। इस कड़ी में मंगलवार को सीसीएम स्क्वायड के मुख्य टिकट निरीक्षक आर.पी.कांवटिया की टीम ने बिना टिकट यात्रियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। जयपुर से 40-45 स्टाफ के साथ आई टीम ने इस दौरान 260 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा, जिन से 74 हजार 650 रुपए जुर्माना वसूला।
आर.पी.कांवटिया के साथ टीम जयपुर-मथुरा पैसेंजर ट्रेन से दौसा पहुंची। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा और मौके पर ही जुर्माना राशि वसूली गई। करीब आधा घंटे तक दौसा में बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाने के बाद आधी टीम आर.पी. कांवटिया डीसीटीआई राजेंद्र शर्मा के साथ खैरथल-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन को चेक करती जयपुर चली गई, जबकि आधी टीम जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत ट्रेन से सीटीआई नेतराम मीणा के नेतृत्व में बांदीकुई की तरफ रवाना हुई। उक्त दोनों ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकट चेक किए और बिना टिकट पड़े गए यात्रियों से जुर्माना वसूला गया। टीम लीडर आर.पी. कांवटिया ने बताया कि जयपुर-मथुरा, खैरथल-जयपुर और जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 260 यात्री बिना टिकट पकड़े गए, जिन से 74 हजार 650 रुपए जुर्माना राशि वसूली गई। आर.पी. कांवटिया के अनुसार दौसा में बिना टिकट यात्रियों की धरपकड़ के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसमें चैकिंग स्टाफ के साथ आरपीएफ जीआरपी को भी शामिल किया जाएगा। दौसा के लोग जो बिना टिकट यात्रा के आदी हो गए हैं, जिनकी आदत को सुधारने का ऊपर से आदेश हैं।