बांदीकुई। शहर के बसवा रोड पर एफसीआई गोदाम के पास लगे एकल बिंदु का बिजली कनेक्शन कटने यह बंद पड़ा है। इससे लोगों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। जलदाय विभाग ने एफसीआई गोदाम के पास दो साल पहले एकल बिंदु लगाया था। इससे यहां बंजारा बस्ती सहित आसपास के लोगों को पीने के पानी की सुविधा हो गई थी।
तीन माह पहले बिजली निगम ने इस पर बकाया को लेकर इसका कनेक्शन काट दिया। इससे एकल बिंदु बंद हो गया। वर्तमान में एकल बिंदु बंद होने से यहां के लोगों को पीने के पानी के इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई बार लोग इस समस्या को लेकर जलदाय विभाग में शिकातय कर चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हमारे पास बिजली बिल का जमा कराने के लिए कोई बजट नहीं है।
बिजली निगम ने काटे कनेक्शन
सिकराय| बिजली निगम के राजस्व वसूली अभियान के अंतर्गत गठित टीम ने गुरुवार को बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। एईएन देशराज मीना ने बताया कि टीम ने टोरड़ा, शेखपुरा, बहरावंड़ा में करीब सवा दो लाख के बकायादार आठ उपभोक्ताओं के मीटर केबल उतारकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि बहरावंड़ा में दो एकलबिंदु योजनाओं के ट्रांसफार्मर उतारे गए। दोनों कनेक्शनों पर 80 हजार बकाया चल रहे थे।
अतिक्रमणियों पर किया जुर्माना
मेहंदीपुर बालाजी | पंचायत प्रशासन द्वारा कस्बे में अतिक्रमण हटाने के लिए बार-बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर पंचायत ने जुर्माने की रसीद काटकर कार्रवाई की।
मीना सीमला सरपंच मौसम मीना ने बताया की 20 दिसंबर को पंचायत की ओर से बालाजी के बाजार से अतिक्रमण हटाए गए थे, लेकिन कुछ लोगों ने फिर से दुकानों के आगे अतिक्रमण कर ठेले लगा लिए। इस पर पंचायत के नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर गुरुवार अतिक्रमियों पर 500-500 सौ रुपए का जुर्माना किया गया।