बोलेरो लूट के दो आरोपी गुड़गांव से गिरफ्तार
बांदीकुई ग्रामीण |अलवर-सिकंदरा मेगा हाइवे पर 11 माह पहले एक बोलेरो लूटने के मामले में बसवा पुलिस ने दो आरोपियों को गुड़गांव जेल से प्रोटेक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया हैं।
बसवा थाना प्रभारी निरंजन पाल सिंह ने बताया कि अप्रैल 2015 में आंधी निवासी निजामुद्दीन एक शादी समारोह से रात को बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इस दौरान अलवर-सिकंदरा मेगा हाइवे पर कौलाना सब जेल के पास पीछे एक वाहन में सवार होकर आए बदमाशों ने हथियारों की नोक पर बोलेरो को रोक लिया तथा उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट करते हुए बोलेरो छीनकर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने बदमाशों की तलाश में अलग-अलग जगह टीमें रवाना की। इस दौरान उनका तो कोई सुराग नहीं लग पाया, लेकिन बोलेरो पुलिस ने बरामद कर ली।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना पर बसवा पुलिस गुड़गांव पहुंची और जेल से प्रोटेक्शन वारंट के तहत लूट के आरोपी रसमूददीन उर्फ राशिद निवासी डीग साउन उर्फ लंबू निवासी खो जिला भरतपुर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।